बार एसोसिएशन चुनाव में हंगामा

बार एसोसिएशन चुनाव में हंगामा, अभद्रता और वकील की हत्या के मामले में बार काउंसिल की बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए. इस पूरे मामले में काउंसिल ने एक अधिवक्ता का रजिस्ट्रेशन निलंबित कर दिया है. इसके साथ ही बार एसोसिएशन पदाधिकारी, एल्डर्स कमेटी समेत अन्य लोगों से सभी दस्तावेज और सीसीटीवी रिकॉडिंग तलब कर ली गई है. पूरे प्रकरण की जांच के लिए विशेष कमेटी भी गठित कर दी गई है.
बार एसोसिएशन के चुनावों में पिछले दिनों कचहरी में जमकर हंगामा हुआ था. अधिवक्ताओं के हंगामे के बाद जब मतदान के आधा घंटा पहले एल्डर्स कमेटी ने वोटिंग बंद करा दी थी तो भी जमकर हंगामा और अभद्रता हुई थी. इसके बाद कचहरी परिसर में हवाई फायरिंग में एक अधिवक्ता गौतम दत्त की हत्या भी हो गई थी. इस पूरे मामले को लेकर हाईकोर्ट से लेकर बार काउंसिल सख्त नजर आ रहे हैं. इसी को लेकर प्रयागराज में बार काउंसिल की बैठक हुई. काउंसिल की विज्ञप्ति के अनुसार, पूरे मामले में अभद्रता करने वाले अधिवक्ताओं का नेतृत्व करने वाले वकील पवन तिवारी को चिंहित किया गया है. काउंसिल ने पवन तिवारी के अधिवक्ता पंजीकरण को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. इसके अलावा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष महामंत्री, एल्डर्स कमेटी, पीठासीन अधिकारी, , प्रत्येक बूथों के इंचार्जों से संबंधित प्रपत्र, सीसीटीवी रिकॉर्डिंग और सभी दस्तावेज के साथ उपस्थित होने की नोटिस दी गई हैं. काउंसिल के अनुसार, यदि तय समय पर इनमें से कोई मौजूद नहीं होता है, तो उनके विरूद्ध भी कार्रवाई की जाएगी. यही नही अराजकता फैलाने वाले अन्य वकीलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. पूरे मामले की जांच के लिए विशेष जांच समिति गठित कर दी गई है. इस मामले की सुनवाई अब दो जनवरी को लखनउ में होगी. बार काउंसिल अध्यक्ष श्रीश कुमार मेहरोत्रा ने बताया कि उनके पास हंगामा करने वाले कई वकीलों के नाम सामने आ चुके है. बार एसोसिएशन पदाधिकारियों, एल्डर्स कमेटी समेत अन्य लोगों से सीसीटीवी फुटेज और दस्तावेज इसलिए मांगे गए हैं, जिससे कि सारी बातें पुख्ता हो जाएं. अगर तय समय तक यह सभी नोटिस का संज्ञान लेकर उपस्थित नहीं होते हैं, तो इनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी l

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *