कानपुर l कारोबारी पीयू
ष जैन के घर से कुछ डायरी और बिल भी मिले है। इनमें कई फर्मों से कच्चा माल खरीदने और बेचने का जिक्र है। इससे अब टीम इन फर्मों से संपर्क कर बिलों और डायरी में दर्ज जानकारी की तस्दीक करेगी। शहर के कुछ लोगों से टीम ने संपर्क भी किया है। जिससे इत्र कारोबार से जुड़े लोगों में खलबली मची है। सूत्रों के मुताबिक टीम को पीयूष के घर से मिली एक डायरी मिली। जिसमें कई कारोबियों से व्यापार करने का जिक्र है। वहीं टीम ने पूरे दिन मकान का चप्पा-चप्पा तलाश किया। दीवारों और कमरों की छतों पर लगी सीलिंग भी टीम ने तोड़े हैं। मकान के अंदर से दीवारों और सीलिंग तोड़ने की आवाजें दिनभर सुनाई दीं। घर के अंदर चल रही गतिविधियों को देखने के लिए पड़ोसियों की भीड़ छतों पर डटी रही।
पीयूष जैन नहीं हैं इत्र कारोबारी: पवन त्रिवेदी
अतर एवं परफ्यूम एसोसिएशन के अध्यक्ष पवन त्रिवेदी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ को पत्र भेजा। इसमें उन्होंने कहा कि पीयूष जैन इत्र कारोबारी नहीं है। वह कानपुर में रहते हैं।
कन्नौज या फिर अन्य किसी स्थान पर इनका इत्र कारखाना नहीं है। वह एसोसिएशन के सदस्य भी नहीं है। इत्र प्राकृतिक फूलों, जड़ी-बूटियों से बनाया जाता है। इसे व्यापार से न जोड़ा जाए। पीयूष जैन के कानपुर के घर से 175 करोड़ रकम कहां से आई है इसकी शासन से जांच कराई जाए। वहीं सपा के जिला प्रवक्ता विजय द्विवेदी और विधायक अनिल दोहरे ने पार्टी कार्यालय में प्रेसवार्ता करते हुए पीयूष जैन से समाजवादी पार्टी का किसी प्रकार से संपर्क न होने की बात कही है।
नौ ड्रम मिला संदल, चाबियों के मिलान में उलझी टीम
मकान में छानबीन के दौरान टीम को करीब नौ ड्रम संदल मिला है। टीम ने इसे सील कर दिया है। इसके अलावा एक चाबियों से भरा झोला मिला है। इसमें घर के कमरों, कार्यालय और गोदामों की करीब तीन सौ से अधिक चाबियां है। टीम इन चाबियों से बंद तालों को खोलने में कई घंटे उलझी रही।
गवाहों के घर जाने की जिद पर रोकी गई छानबीन
टीम ने शुक्रवार शाम बजे पीयूष जैन के बेटे प्रियांश उर्फ प्रत्युष, भतीजे मोलू और उनके करीबी सपा नेता नेम सिंह यादव, जलालपुर पनवारा निवासी अमित मिश्रा की मौजूदगी में तलाशी शुरू की थी। टीम ने नेम सिंह यादव और अमित मिश्रा को गवाह बनाया था। रात करीब एक बजे दोनों गवाह भूख लगने और थक जाने की बात कहते हुए घर जाने की जिद करने लगे। इससे टीम ने छानबीन बंद कर दी थी। शनिवार सुबह दोनों के पहुंचते ही फिर छानबीन तेज कर दी गई।
पूरे मकान की तलाशी के बाद होगी रुपयों की गिनती
मकान की तलाशी के दौरान टीम के हाथ काफी बड़ी रकम और जेवर लगे है। इसे एक कमरे में रखा गया है। सूत्रों के मुताबिक पूरे घर में तलाशी के बाद कड़ी निगरानी में रुपयों की गिनाई और जेवरातों को तौल कर सील किया जाएगा।
