इत्र कारोबारी पीयूष जैन को 14 दिन की न्यायिक हिरासत मे भेज दिया गया है

इत्र कारोबारी पीयूष जैन को 14 दिन की न्यायिक हिरासत मे भेज दिया गया है. कहा जा रहा है कि कोर्ट में सुनवाई के दौरान डीजीसीआइ ने पीयूष जैन की ट्रांजिट रिमांड भी मांगी. डीजीसीआइ की टीम पीयूष को ट्रांजिट रिमांड पर अहमदाबाद ले जाना चाहती थी लेकिन कोर्ट ने पूरी सुनवाई के बाद पीयूष जैन को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया.
कोर्ट के अंदर पीयूष जैन के मामले को लेकर काफी देर सुनवाई चलती रही. वहीं, कोर्ट परिसर में पीयूष जैन की एक झलक पाने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुट गई. कानपुर और कन्नौज में अकूत दौलत मिलने के बाद रविवार देर रात को इत्र कारोबारी पीयूष जैन को गिरफ्तार कर लिया गया था. डीजीसीआइ की टीम पीरूष जैन को सर्वोदयनगर स्थित सीजीएसटी कार्यालय लेकर आयी और फिर देर रात उसे काकादेव थाना ले जाया गया. रात भर थाना के महिला हेल्पलाइन कक्ष में जमीन में लेटकर पीयूष जैन करवटें बदलता रहा. सुबह जमीन पर बैठकर उसने नाश्ता भी किया.
बताया गया कि पूरी रात वह सो नहीं सका. सोमवार सुबह थाने से उसे हैलट ले जाया गया, जहां उसका मेडिकल कराया गया. हैलट से उसे विभिन्न रास्तों से होते हुए उर्सला ले जाया गया. माना जा रहा था कि टीम उसे कोर्ट में पेश करेगी लेकिन यहां से उसे फिर वापस ले जाया गया. भारी सुरक्षा के बीच डीजीसीआइ की टीम ने पीयूष जैन को कोर्ट में पेश किया. यहां पर उसकी रिमांड पर बहस चली. वहीं, काकादेव थाने से लेकर कोर्ट में पेशी से पहले मीडिया ने पीयूष जैन से बात करने की तमाम कोशिशें की लेकिन उसने मुंह नहीं खोला l

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *