उन्नाव: सड़क हादसों में बीता मंगलवार, अलग-अलग जगह हुई दुर्घटना में छात्रा समेत छह ने तोड़ा दम, कई लोग घायल
Tue, 28 Dec 2021
उन्नाव जिले में मंगलवार हादसों का दिन रहा। अलग-अलग हुए हादसों में छात्रा समेत छह लोगों की मौत हो गई। जबकि, कई लोग घायल हो गए। हादसे सोहरामऊ, फतेहपुर चौरासी, आसीवन व सदर कोतवाली क्षेत्र में हुए। एक स्थान पर गुस्साए लोगों ने जाम भी लगाया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजे हैं।
कंटेनर की टक्कर से साइकिल सवार छात्रा की मौत, लगाया जाम
आसीवन थानाक्षेत्र के गांव कादिरपुर निवासी 17 वर्षीय अंतिमा पुत्री रमेश सैनी जो बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा है अपनी सहेली 18 वर्षीय अवंतिका पुत्री सनंदन यादव छात्रा बीएससी तृतीय वर्ष के साथ फतेहपुर चौरासी क्षेत्र के एक कालेज में पढ़ती थीं। मंगलवार को दोनों अलग-अलग साइकिल से मियागंज चौराहा पर कोचिंग जा रही थीं। अभी वे लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग स्थित मियागंज चौराहा के पास ही पहुंची थी कि बांगरमऊ से आ रहे कंटेनर ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। जिससे दोनों गंभीर घायल हो गईं। लोगों ने उन्हें मियागंज सीएचसी में भर्ती कराया। जहां डाक्टर ने अंतिमा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अवंतिका को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। मौके पर पहुंचे एसओ अनुराग ङ्क्षसह ने शव कब्जे में लेना चाहा तो स्वजन उग्र हो गए और मियागंज सीएचसी के बाहर लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। एसओ ने स्वजन को समझाने का प्रयास किया लेकिन वे अफसरों को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। जाम की सूचना पर एसडीएम हसनगंज रामदत्त राम ने तहसीलदार श्री कृष्ण को मौके पर भेजा और उचित कार्रवाई व मुआवजे का आश्वासन देकर शांत कराया। इसके एक घंटे बाद शव को रोड से हटाकर पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम को भेज दिया। सवजन ने बताया कि मृतका तीन बहन व दो भाइयों में चौथे नंबर की थी। उसकी मौत पर बड़ा भाई शिव शंकर, बहन सारिका, सोनी व छोटा भाई नीरज व उसकी मां रमाकांती का रो-रोकर बुरा हाल रहा। एसओ ने बताया कि पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कंटेनर को पकड़कर चालक को हिरासत में लिया गया है। स्वजन के अनुसार मृतका के सभी भाई-बहन दिव्यांग हैं। सिर्फ वह संपूर्ण स्वस्थ थी।
कार ने बाइक में मारी टक्कर, चालक की मौत
फतेहपुर चौरासी: कानपुर जिला के थाना शिवराजपुर अंतर्गत गांव उत्तरी पूरा गांव निवासी 40 वर्षीय फूल सिंह पुत्र शिवकुमार फतेहपुर चौरासी कस्बा के मोती नगर मुहल्ला से अपनी पत्नी पुष्पा को लेने बाइक से आ रहा था। तभी कालीमिट्टी-शिवराजपुर मार्ग पर लवानी गांव के सामने सामने से आ रही अनियंत्रित कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें फूल ङ्क्षसह की मौके पर मौत हो गई। उसके चार बेटियां व एक बेटा है। सभी अविवाहित है। वह पहले इसी थानाक्षेत्र के जाजामऊ गांव के मजरा हर्सिंगपुर में रहता था। दारोगा विजय सेंगर ने बताया कि मृतक की पत्नी पुष्पा की तहरीर पर शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है।
हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत
उन्नाव : फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के गांव भड़सर नौसहरा निवासी सूरज राठौर पुत्र राज कुमार ने लोन पर ई-रिक्शा लिया था। जिसकी किस्त जमा करने वह सोमवार को उन्नाव गया था। जहां से वह देर शाम लौट रहा था। तभी उन्नाव -हरदोई मार्ग पर थाना गांव के पास सामने से आ रहे कार चालक ने उसे पीछे से टक्कर मारी थी। जिससे ई-रिक्शा पलट गया और चालक गंभीर घायल हो गया था। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया था। जहां से डाक्टर ने उसे कानपुर के एलएलआर अस्पताल भेजा था। जिसकी देररात मौत हो गई।
ट्रक में घुसा डंपर, परिचालक की मौत चालक घायल
हसनगंज: मोहान-बांगरमऊ मार्ग पर मंगलवार सुबह बांगरमऊ से आ रहा तेज रफ्तार डंपर रिक्शेन देमऊ गांव के पास एक खराब खड़े ट्रक में जा घुसा। जिसमें चालक-परिचालक गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी भेजा। जहां डाक्टर ने परिचालक 55 वर्षीय चूरामन पुत्र स्वर्गीय मैनू निवासी कुछना कोतवाली व जिला हमीरपुर को मृत घोषित कर दिया। जबकि, चालक रणधीर पुत्र मैनू को मामूली चोट आई। परिचालक व चालक सगे भाई हैं। इंस्पेक्टर महेश चंद्र ने बताया कि वाहन को घटनास्थल से हटा दिया गया है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत
सोहरामऊ थानाक्षेत्र के गांव बजेहरा के पास बाइक सवार दो लोगों को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के पास मिले कागजों से उनके नाम अतुल पुत्र बाबूलाल व छोटू पुत्र जगदीश निवासी गांव रैनापुर थाना असोहा के रूप में उनकी पहचान की। इसके बाद उनके स्वजन को सूचना देने के साथ शव पोस्टमार्टम को भेजे गए। एसओ अखिलेश तिवारी ने बताया कि अतुल लखनऊ एक अस्पताल में दवा लेने गया था। साथ में उसका पड़ोसी दोस्त था।
