पीएम की रैली में कहां से आए हनुमान और चायवाले, भीड़ में बन गए खास और लोगों ने ली सेल्फी
Tue, 28 Dec 2021
कानपुर की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की निराला नगर रेलवे ग्राउंड पर चायवाले और हनुमान खास अाकर्षण का केंद्र रहे। रैली में बिहार और बंगाल से पचास से ज्यादा चाय विक्रेता पहुंचे और लोगों को चाय पिलाते रहे। रैली में हनुमान ने भी अपनी ओर खींचा और उनके साथ लोगों ने सेल्फी भी लेकर पल को यादगार बनाया।
बिहार और बंगाल से 50 से ज्यादा चाय वाले आए
प्रधानमंत्री की रैली में पश्चिम बंगाल और बिहार के 50 से ज्यादा चाय बेचने वाले आए थे, जिनकी चाय पीने वालों की भी लोगों की भीड़ रही। वहीं स्थानीय स्तर भी बड़ी संख्या में चाय वाले जनसभा स्थल पर आए थे। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री से चायवाले आत्मीयता से जुड़े हैं और उनकी हर रैली में पहुंचते हैं। इसमें बिहार मुजफ्फरपुर के अशोक कुमार साहनी अलग नजर आए। वह लोगों को नींबू-मसाले वाली चाय पिलाते हैं।
मुजफ्फरपुर ब्रह्मपुरा निवासी अशोक कुमार साहनी ने बताया कि वह कचहरी में नींबू वाली चाय बेचते हैं। परिवार में पत्नी सविता, दो बेटे राखी, आंचल, बेटा आदेश, मां रामपड़ी,पिता जोगिंदर साहनी हैं। पहले वह पेंटर थे लेकिन छह साल पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उद्बोधन सुनने के बाद इतना प्रेरित हुए कि चाय बेचने लगे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री को अपने हाथ की बनी चाय को पिलाने का सपना है। इसके लिए वह छह साल से मोदी की हर रैली जाते हैं। अशोक ने हेयर कटिंग कुछ इस तरह से कराई है कि जय हिन्द लिखा नजर आता है।
बिहार से आए ‘हनुमान’
बिहार में बेगुसराय सुहिरद पन्हास निवासी श्रवण साह ने बताया कि वह कोर्ट में क्लर्क हैं। वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से तब से प्रभावित हैं, जब वह गुजरात के मुख्यमंत्री थे। उन्होंने विकास की गंगा बहा दी है। देशभर में जहां भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली होती है, वहां पर वह हनुमान की वेशभूषा में पहुंचते हैं। उन्होंने बताया कि देश में उनका ये 95वीं बार हनुमान बनकर आए हैं और लोगों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं। उत्तर प्रदेश में 22वीं बार व कानपुर में दूसरी बार आए हैं। वह भी प्रधानमंत्री से मिलने की ख्वाहिश रखते हैं। उनकी तरह तीन और हनुमान की वेशभूषा में थे, जिनके साथ लोग सेल्फी लेते रहे।
