व्यापारी के घर में आग से लाखों का नुकसान

चित्रकूट शहर के शंकर बाजार स्थित एक व्यापारी के घर में आग लग गई। फायर ब्रिगेड की
गाड़ियों ने चार घंटे बाद आग पर काबू पाया। आग से 80 लाख रुपये की क्षति का अनुमान है। आग का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।

शहर के गल्ला, सराफा व इलेक्ट्रानिक्स के प्रतिष्ठित व्यापारी रामलखन केशरवानी पुत्र दुर्गा प्रसाद काओवरब्रिज के नीचे स्थित मकान व गोदाम है। शनिवार की दोपहर को शार्ट सर्किट से आग लगी। धुआं उठता देख दूसरी मंजिल में मौजूद परिजन शोर मचाते हुए बाहर भागे। 15 मिनट के अंदर ही आग से गोदाम में रखे कूलर, एसी, फ्रिज व फर्नीचर धूं-धूूं कर जलने लगे। फ्रिज व एसी के कंप्रेशर फटने से गोदाम की दीवारें व छत तक चटक गईं। आग से ओवरब्रिज पर जाम लगने लगा। सूचना मिलते ही कोतवाल राजीव सिंह और यातायात प्रभारी योगेश कुमार मयफोर्स पहुंचे और यातायात संचालन सुचारू कराया।

फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां भी पहुंची। ओवरब्रिज से सीढ़ी लगाकर पुलिसकर्मी पाइप लेकर घर के अंदर घुसे और दस जवानों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। पड़ोसी भी अपने घरों से पानी लाकर आग बुझाते रहे। पानी खत्म होने पर दमकल की दो अन्य गाड़ियां पहुंची। लगभग चार घंटे बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। रामलखन के पुत्र विनोद केशरवानी ने बताया कि आग से लगभग 80 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *