यूपी बार काउंसिल में हुई सुनवाई, सोमवार को हो सकती है बड़ी कार्रवाई

कानपुर कचहरी कांड : यूपी बार काउंसिल में हुई सुनवाई, सोमवार को हो सकती है बड़ी कार्रवाई

कानपुर बार एसोसिएशन चुनाव में हंगामे तथा अधिवक्ता की मौत के प्रकरण में रविवार को यूपी बार काउंसिल में सुनवाई हुई। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष, महामंत्री व वरिष्ठ उपाध्यक्ष ने जांच समिति के सामने चुनाव कराने की जिम्मेदारी एल्डर्स कमेटी की बताई। उन्होंने कहा कि बवाल से बार एसोसिएशन का कोई लेना देना नहीं। वहीं धमकी मिलने के बाद एल्डर्स कमेटी के सदस्य, आरओ तथा एआरओ जांच समिति के सामने पेश नहीं हुए। यूपी बार काउंसिल सोमवार को फैसला लेगी। चुनाव में हंगामा करने वालों पर कड़ी कार्रवाई हो सकती है।

कानपुर बार एसोसिएशन के चुनाव में हुए बवाल के मामले में यूपी बार काउंसिल की जांच समिति ने लखनऊ स्थित कैंप कार्यालय में एल्डर्स कमेटी के सदस्यों व बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों को बुलाया था। महामंत्री पद के एक प्रत्याशी की ओर से धमकी मिलने के बाद एल्डर्स कमेटी के सदस्य, आरओ व एआरओ जांच समिति के सामने उपस्थित नहीं हुए। उन्होंने बार काउंसिल व पुलिस कमिश्नर को पत्र भेजकर सुरक्षा की मांग की। उन्होंने जांच समिति को कानपुर भेजकर सुनवाई के लिए अनुरोध भी किया था। वहीं बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बलजीत यादव, महामंत्री राकेश तिवारी और वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय शर्मा लखनऊ कैम्प कार्यालय पहुंचे। उन्होंने बार काउंसिल यूपी के पूर्व अध्यक्ष व जांच समिति के सदस्य जानकी शरण पांडेय को पूरी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वोटर लिस्ट फाइनल होने के बाद चुनाव की पूरी जिम्मेदारी एल्डर्स कमेटी की थी। उन्होंने कहा कि बवाल के बाद एल्डर्स कमेटी को पत्र भेज कर बवाल करने वालों के नाम भी मांगे थे। एल्डर्स कमेटी ने इस पर अभी तक कोई जवाब नहीं दिया।

हाईकोर्ट में कल होगी सुनवाई

यूपी बार काउंसिल की ओर से निलंबित किए गए महामंत्री पद के प्रत्याशी अधिवक्ता पवन कुमार तिवारी के मामले में हाईकोर्ट में सोमवार को सुनवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *