रसूलाबाद के सिगवानार गांव में धूप सेंकने के लिए छत पर गई पूर्व प्रधान की मां अचानक फिसल कर नीचे गिर गईं। गंभीर हालत में स्वजन उन्हें सीएचसी झींझक ले गए वहां डाक्टर ने इलाज कर घर भेज दिया जहां उनकी मौत हो गई।
सिगवानार गांव निवासी पूर्व प्रधान जयप्रकाश और पिटू कमल ने बताया कि 55 वर्षीय मां तारा देवी शनिवार दोपहर को भोजन करने के बाद छत पर धूप सेंकने के लिए गईं थीं। तभी वह अचानक फिसल कर नीचे गिर गईं। तेज आवाज होने पर सभी स्वजन बाहर भागे तो नजारा देखकर दंग रह गए। आनन फानन में उन्हें सीएचसी झींझक ले गए वहां डाक्टर ने इलाज के बाद रविवार सुबह घर भेज दिया था। घर पहुंचते ही उनकी हालत फिर बिगड़ गई और वहीं मौत हो गई। तारा देवी की मौत पर बेटा जयप्रकाश, संतोष, राकेश, बेटी संगीता, बिट्टन आदि स्वजन का रो रो कर बुरा हाल हो गया। बेटा जय प्रकाश ने बताया कि वह शव का पोस्टमार्टम कराना चाहता है इसके लिए वह थाने गए पर पुलिसकर्मियों ने आनाकानी की। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि सूचना दी जाएगी तो पोस्टमार्टम होगा।
करंट लगने से क्लीनर नीचे गिरकर घायल
मंगलपुर थाना के परजनी परजनी से दिल्ली जाने वाली बस परजनी गांव में खाली खड़ी थी। रविवार सुबह बस का क्लीनर जालौन कुठौंद निवासी नीलू बस की छत पर चढ़कर सफाई कर रहा था तभी वहां से निकले घरेलू लाइन के बिजली तार में उसका हाथ छू गया। इससे करंट लगने से वह बस की छत से नीचे गिरकर घायल हो गया। साथियों ने उसे झींझक सीएचसी में भर्ती कराया था जहां पर उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार होने पर उसे छुट्टी दे दी गई।
