फर्रुखाबाद शहर कोतवाली पुलिस ने चार्टर्ड एकाउंटेंट व उसके कपड़ा व्यवसायी पिता सहित छह स्वजन के खिलाफ धर्म छिपाकर दिल्ली की युवती से शादी करने, दुष्कर्म करने, मारपीट कर मतांतरण का दबाव बनाने का मुकदमा एसपी के आदेश पर दर्ज कर लिया। खास बात यह है कि पीड़िता यहां कई माह से चक्कर काट रही थी। गत माह दिल्ली पुलि
स ने आरोपित को गिरफ्तार कर तिहाड़ जेल भेज दिया। स्थानीय पुलिस ने मामला शासन की नजरों से छिपाए रखने को दूसरे दिन भी एफआइआर आनलाइन नहीं की।
शहर कोतवाली पुलिस ने एसपी के आदेश पर दिल्ली की निवासी युवती के प्रार्थनापत्र पर शहर के मोहल्ला असगर रोड गढ़ी कोहना निवासी चार्टर्ड एकाउंटेंट बिलाल अहमद अंसारी, उनके पिता गुफरान अहमद अंसारी, बहन जाबा अंसारी, मां के अलावा हिलाल अहमद व हसन अंसारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। रिपोर्ट के अनुसार युवती की मुलाकात रामपुर जिले में वर्ष 2018 में एक मंदिर में बिलाल अहमद से हुई थी। युवती रामपुर में ही पढ़ती थी। बिलाल ने उसे अपना नाम रोहन व धर्म हिंदू बताया। वह उसे हनुमान चालीसा सुनाने लगा। बाद में उससे इंटरनेट मीडिया पर भी संपर्क होने लगा। कुछ दिन बाद बिलाल अहमद ने जूस में नशीला पदार्थ पिलाकर युवती से शारीरिक संबंध बना लिए। बंद कमरे में उसके साथ शादी कर ली और दुष्कर्म करता रहा। बिलाल व उसके स्वजन ने युवती से मारपीट कर मतांतरण के लिए दबाव डाला। खास बात यह है कि पीड़िता कई माह से कोतवाली पुलिस के चक्कर काट रही थी, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। आरोपित गुफरान अहमद की कोतवाली के पास ही सुतहट्टी बाजार में कपड़े की दुकान है।
गत माह बिलाल अहमद को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वह इन दिनों तिहाड़ जेल में है। इसकी जानकारी मिलने के बाद ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। बताया गया है कि बिलाल के स्वजन भी इन दिनों दिल्ली में रहकर उसकी पैरवी में जुटे हैं। कोतवाली पुलिस ने मामला शासन से छिपाने को दूसरे दिन सोमवार शाम तक एफआइआर आनलाइन नहीं की। शहर कोतवाल विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि घटना दिल्ली की है। साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
