कानपुर देहात में लोगों को प्लाट देने का सपना दिखाकर 60 हजार करोड़ की धोखाधड़ी करने वाले मोहम्मद राशिद नसीम पर दर्ज एक मुकदमे में अकबरपुर पुलिस ने आरोपित को थाने से ही तामीला (नोटिस की रिसीविंग) करा दिया। उसके दुबई में होने की पुष्टि स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) व पुलिस ने की है। तामीला कराने में लापरवाही के साथ ही गलत रिपोर्ट भेजने पर एसपी ने जांच के आदेश दिए हैं। मामले में सीओ भोगनीपुर विवेचक एसएसआइ के बयान दर्ज करेंगे।
प्रयागराज निवासी मोहम्मद राशिद नसीम, उदित प्रकाश व मोहित कुमार ने शाइन सिटी नाम की कंपनी बनाकर कानपुर देहात के अलावा प्रदेश के कई जिले में आवासीय प्लाटों में निवेश कराया था। उसने सस्ते दामों में प्लाटों की बिक्री का ख्वाब दिखाकर लोगों से रुपये की वसूली की थी। इसके बाद आरोपित फरार हो गए। अकबरपुर कोतवाली के सिपाही माधव त्रिवेदी ने मार्च 2020 में आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया था कि उनसे 2.75 लाख रुपये की ठगी की गई। कोतवाली में तैनात एसएसआइ मंजीत दयाल ने विवेचना के दौरान आरोपित को थाने से तामीला कराने का हवाला दिया, जबकि उसके दुबई में होने की पुष्टि पुलिस व एसटीएफ पहले की कर चुकी है। उसके प्रत्यर्पण की तैयारी की जा रही है। ऐसे में उसके थाने आने की बात हजम नहीं हो रही है। अब मामला उजागर होने पर नोटिस तामीला में लापरवाही बरतने व गलत रिपोर्ट भेजने पर एसपी ने मामले की जांच सीओ भोगनीपुर को सौंपी है। सीओ भोगनीपुर प्रभात कुमार ने बताया कि विवेचक के बयान दर्ज करेंगे। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
