हवाई अड्डा सलाहकार समिति तथा नये टर्मिनल भवन के निर्माण की समीक्षा हेतु बैठक की गयी

आज दिनांक 06.01.2022 को माननीय सांसद श्री देवेन्द्र सिंह भोले जी, अकबरपुर की अध्यक्षता एवं माननीय सांसद श्री सत्यदेव पचौरी जी की सहअध्यक्षता में सभी सम्मानित हवाई अड्डा सलाहकार समिति के सदस्यों, मण्डलायुक्त, कानपुर मण्डल, जिलाधिकारी कानपुर नगर, नगर आयुक्त कानपुर नगर, भा0वि0प्रा0, यू.पी.आर.एन.एल. एवं अन्य सम्बन्धित विभागों के अधिकारीगणों के साथ हवाई अड्डा सलाहकार समिति तथा नये टर्मिनल भवन के निर्माण की समीक्षा हेतु बैठक की गयी, जिसमें माननीय अध्यक्ष जी एवं अन्य सदस्यों ने टर्मिनल भवन का कार्य समय पर पूर्ण न होने पर यू.पी.आर.एन.एल. पर असंतोष व्यक्त किया एवं निदेशक, एयरपोर्ट कानपुर को इस सम्बन्ध में प्रभावी कार्यवाही किये जाने हेतु प्रबन्ध निदेशक, यू.पी.आर.एन.एल. को पत्र प्रेषित किये जाने के निर्देश दिये गये।

यू.पी.आर.एन.एल. पूर्व में भी तीन बार प्रोजेक्ट कार्य पूर्ण करने की तिथि को बढ़ाया जा चुका है। यू.पी.आर.एन.एल. ने कार्य पूर्ण करने की तिथि अन्तिम बार दिनांक 31.03.2022 का प्रस्ताव रखा, जिस पर माननीय अध्यक्ष एवं अन्य सदस्यों द्वारा निर्णय लिया गया कि दिनांक 31.03.2022 तक कार्य पूर्ण न होेने की स्थिति में निर्धारित पेनाल्टी आरोपित कर यू.पी.आर.एन.एल. को ब्लैकलिस्ट करना प्रस्तावित किया जायेगा।

एयरफोर्स एरिया मे कार्य करने हेतु अनुमति प्राप्त करने के सम्बन्ध में निदेशक विमानपत्नन द्वारा सूचित किया गया कि अनुमति प्रार्थना पत्र अब डिफेन्स मिनिस्ट्री, दिल्ली कार्यालय में लम्बित है जिस सम्बन्ध में माननीय अध्यक्ष जी द्वारा वार्ताकर उक्त अनुमति प्राप्त कराने का आश्वासन दिया गया।

खराब मौसम में वायु यातायात व्यवस्था को निर्बाध रखने हेतु आई.एल.एस. की कैटेगरी को अपडेट किया जाना आवश्यक है, इस पर भारतीय वायु सेना के प्रतिनिधि द्वारा सूचित किया गया कि MAFI प्रोजेक्ट के तहत भारतीय वायु सेना द्वारा लगाये जाने वाले आई.एल.एस. की कैटेगरी II है, जो कि पूर्व के आई.एल.एस. से अपडेटेड है। नया आई.एल.एस. लगाने का कार्य जनवरी के अन्तिम सप्ताह से प्रारम्भ हो सकता है। कैटेगरी II आई.एल.एस. के लिये एप्रोच लाइट की आवश्यकता है जिस बाबत् आवश्यक भूमि अधिग्रहण हेतु समन्वय भारतीय वायु सेना एवं जिलाधिकारी कार्यालय द्वारा किया जा रहा है।

नये टर्मिनल को प्रयागराज हाईवे से जोड़ने हेतु प्रस्तावित मार्ग के सम्बन्ध में पी.डब्ल्यू.डी. विभाग द्वारा सूचित किया गया कि रोड हेतु भूमि अधिग्रहण का कार्य 50 प्रतिशत से अधिक पूर्ण कर लिया गया है तथा रोड बनाने का नया टेन्डर भी आमन्त्रित कर दिया गया है, जिसका कार्य शीघ्र ही शुरू कर दिया जायेगा तथा मार्च, 2022 तक रोड का कार्य पूर्ण हो जायेगा।

बैठक में हवाई अड्डा के समग्र विकास से सम्बन्धित अन्य मुद्दो जैसे- बर्ड हिट एक्टीविटी, फनल एरिया में सुरक्षा के मामले आदि पर भी चर्चा कर सम्बन्धित को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किये गये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *