सिख समाज में बढ़ती जा रही नाराजगी के बाद अब उन्होंने इस मामले में फिर से सफाई देते हुए माफी मांगी है

बिठूर से भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा के विवादित ट्विट मामले में सिख समाज में बढ़ती जा रही नाराजगी के बाद अब उन्होंने इस मामले में फिर से सफाई देते हुए माफी मांगी है. भाजपा विधायक ने अपने ट्विटर अकाउंट से एक वीडियो शेयर करते हुए सिख समाज से माफी मांगी है. उन्होंने आरोप लगाया है कि कुछ षणयंत्रकारी बेवजह ऐसा कुचक्र रच रहे हैं, जिससे मतभेद हों और संबंध खराब हों. उन्होंने कहा कि वह जल्द ही ऐसे लोगों को बेनकाब करेंगे.
पंजाब में पीएम मोदी की सुरक्षा में हुई चूक के मामले को लेकर पिछले दिनों भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने ट्ववीट किया था. इस ट्वीट की भाषा काफी विवादित थी. इस ट्वीट के बाद सिखों में तेजी से नाराजगी बढ़ गई थी. विवाद बढ़ने पर सांगा ने इस ट्वीट को डिलीट कर दूसरे ट्वीट में अपनी सफाई पेश की थी और पूरी टिप्पणी कांग्रेस के खिलाफ बताई थी लेकिन उनकी सफाई किसी को रास नहीं आयी और मामला एफआइआर दर्ज कराने तक पहुंच गया. बीजेपी के अंदर भी इस मामले को लेकर नाराजगी देखी जा रही थी.चर्चा है कि विधानसभा चुनावों के ऐलान से पहले इस तरह का विवाद बढ़ा तो प्रदेश नेतृत्व की तरफ से भी नाराजगी जाहिर की गई. संगठन की नाराजगी के बाद भाजपा विधायक ने शनिवार को फिर अपनी सफाई पेश की. अपने ट्विटर अकाउंट से वीडियो पोस्ट शेयर करते हुए भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने लिखा, सत श्री अकाल पिछले दिनों विरोधियों द्वारा षड्यंत्र के तहत मेरे ट्विटर अकाउंट का एक्सेस हैक करके कुछ ऐसा कंटेंट ट्वीट किया गया जिससे सिक्ख समुदाय को दुःख पंहुचा, जिसके लिए मैं व्यक्तिगत रूप से खेद व्यक्त करता हूँ ।
यही नही, वीडियो में भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने माना कि संबंधित पोस्ट में जिस भाषा का प्रयोग किया गया था, वह अभद्र और निंदनीय है. सांगा ने कहा कि उन्होंने उस पोस्ट को लेकर अपना खंडन भी दिया था. उन्होंने कहा कि सिख समाज का गौरवमयी इतिहास रहा है. देश को अपने खून से सींचने का इतिहास रहा है. सनातन धर्म की रक्षा का इतिहास रहा है. उन्होंने कहा कि बिठूर में पहला गुरूद्वारा बनवाने का पहला प्रयास उन्हीं ने किया. उन्होंने कहा कि कुछ लोग उनके खिलाफ षणयंत्र रच रहे हैं. वह उन्हें जल्द बेनकाब करेंगे.
सांगा ने आरोप लगाया कि शनिवार को उनका फेसबुक अकाउंट भी हैक करने का प्रयास किया गया. जिसको लेकर वह कार्रवाई कर रहे हैं. उनका ट्विटर अकाउंट जो देख रहे हैं, उनके खिलाफ भी उन्होंने एक्शन लिया. उन्होंने कहा कि सिख समाज के लोगों को संबंधित पोस्ट में लिखी गई बात से कष्ट हुआ है, तो वह क्षमाप्रार्थी हैं. उन्होंने कहा कि कुछ लोग इस बात का षणयंत्र रच रहे हैं, जिससे कि आपस में मतभेद हो, संबंध खराब हों लेकिन उनका कुचक्र सफल नहीं हो पाएगा. एक बार फिर से उन्होंने सिख समाज से खेद जाहिर किया l

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *