मतदान केंद्र में अधिकतम 1250 मतदाता ही डाल सकेंगे वोट

कानपुर देहात में निर्वाचन आयोग की ओर से आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है। जिले में तीसरे चरण में 20 फरवरी को मतदान कराया जाएगा, जबकि 25 जनवरी से नामांकन शुरू होगा। आदर्श आचार संहिता के तहत नियमों के अनुपालन के लिए सभी अधिकारियों को डीएम जेपी सिंह ने निर्देश जारी किए हैं। इसके साथ ही 24 घंटे में होर्डिंग, बैनर सहित सभी प्रचार सामग्री हटानी होगी।

कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को आयोजित बैठक में डीएम जेपी सिंह ने आदर्श आचार संहिता को लेकर निर्देश जारी किए। उन्होंने बताया कि सात चरणों में चुनाव होगा, जिसमें कानपुर देहात में तीसरे चरण में 1136 मतदान केंद्रों में 1651 मतदेय स्थलों पर मतदान कराया जाएगा। प्रत्येक मतदान केंद्र पर अधिकतम 1250 मतदाता ही अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार कोविड 19 गाइडलाइन का पालन किया जाएगा। जिले में 16 स्थलों पर जांच संबंधी बैरियर लगाए जाएंगे। जनपद में 184 संवेदनशील मतदान केंद्र बनाए गए हैं। लगाए गए 65 पोलिग पार्टियों के सदस्यों के माध्यम से मतदान कराया जाएगा। इस मामले में 18 जोनल मजिस्ट्रेट, 132 सेक्टर मजिस्ट्रेट लगाए जाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पूर्व के विधानसभा चुनाव में 62.18 प्रतिशत मतदान हुआ था। बैठक में एडीएम प्रशासन गरिमा सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व जेपी गुप्ता मौजूद रहे।

कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर मतदान केंद्रों पर विशेष व्यवस्था रहेगी। मतदान केंद्र पर कर्मियों के साथ ही मतदाताओं को मास्क, शारीरिक दूरी सहित अन्य सुरक्षा मानकों का पालन करना होगा। इसके साथ ही मतदान केंद्र पर सेनेटाइजर, थर्मल स्कैनिग, फेस मास्क, साबुन, मास्क, पीपीई किट की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *