विधानसभा चुनावों के ऐलान के साथ ही भाजपा ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं

कानपुर l विधानसभा चुनावों के ऐलान के साथ ही भाजपा ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं. इसी क्रम में पार्टी के राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष और प्रदेश के सह प्रभारी सुधीर गुप्त ने कानपुर आकर मैराथन बैठकें की. पहले क्षेत्रीय कार्यालय में दक्षिण जिला में आने वाली विधानसभाओं के दावेदारों से वह रूबरू हुए, इसके बाद उत्तर जिला में उन्होंने बैठक की. चुनाव संचालन समिति के साथ बैठकर मंथन किया. इन बैठकों में बूथ से लेकर पन्ना प्रमुख पर खासा फोकस किया गया. इन सबके अलावा बीजेपी के कार्यकर्ता अब केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से भी मुलाकात करेंगे l
विधानसभा चुनावों के ऐलान के दूसरे ही दिन भाजपा प्रदेश सह प्रभारी सुधीर गुप्त नौबस्ता पुरानी मौरंग मंडी स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे. यहां पर उन्होंने मंडल, जिला पदाधिकारियों के साथ बैठकर पूरी स्थिति पर मंथन किया. चुनावी तैयारियों के साथ मतदाताओं के रूझान के बारे में भी जाना गया. इसके बाद चुनाव संचालन समिति के साथ बैठक हुई. इस बैठक में हर एक विधानसभा को लेकर स्थिति जानी गई. किस विधानसभा में पार्टी की स्थिति मजबूत है और कहां पर स्थिति कमजोर है और उसे किस तरह से ठीक किया जा सकता है, इन सभी मुद्दों पर गहन मंथन किया गया. बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि बूथ प्रमुख से लेकर बूथ लेवल एजेंट के साथ बातचीत तेज की जाए. हर हाल में बूथ को मजबूत बनाना है. इसके अलावा कहां कहां पर पन्ना प्रमुख अभी तक नहीं बन पाए हैं, इसकी जानकारी तेजी से पन्ना प्रमुख बनाने को कहा गया. चुनावी तैयारियों में कम समय होने के साथ इस बार कोरोना की वजह से चुनाव आयोग की बंदिशों को देखते हुए कार्यकर्ताओं के माध्यम से लाभार्थियों से संपर्क की भी रणनीति बनाई गई. बैठक में शामिल पदाधिकारियों के मुताबिक, जल्द ही उन सभी लाभार्थियों से भाजपा कार्यकर्ता मिलेंगे, जिन्हें केंद्र या प्रदेश की किसी भी योजना का लाभ मिला है. इस मुलाकात में बीजेपी अपने लिए फीडबैक भी तैयार करेगी. इस फीडबैक को प्रत्याशी चयन से भी जोड़कर देखा जा रहा है l
इन सबके बीच प्रदेश सह प्रभारी ने पहले क्षेत्रीय कार्यालय में दक्षिण जिले के तहत आने वाली विधानसभाओं के दावेदारों और फिर नवीन मार्केट में उत्तर जिला में आने वाली विधानसभा के दावेदारों से मुलाकात की. दावेदारों से बंद कमरे में एक एक कर मुलाकात की गई. बैठक में दावेदारों की पृष्ठभूमि, पार्टी के आंदोलनों से लेकर बैठक में प्रतिभागिता, पार्टी के प्रत्याशी घोषित करने या न करने पर किस तरह से वह काम करेंगे, इन सभी बिंदुओं पर जानकारी ली गई. बताया जा रहा है कि इस बार सबसे ज्यादा दावेदार कैंट विधानसभा में देखने को मिल रहे हैं. बताया जा रहा है कि दावेदारों के इंटरव्यू के बाद पूरी रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व तक भेजी जाएगी. इसके बाद पार्टी का संसदीय बोर्ड तय करेगा कि किस प्रत्याशी को किस विधानसभा से उतारना पार्टी के लिए फायदेमंद रहेगा l

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *