जिलाधिकारी ने आगामी विधान सभा सामान्य निर्वाचन 2022 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के दिये निर्देश

कानपुर नगर l दिनांक 10 जनवरी, 2022 (सू0वि0)- विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विशाख जी0 की अध्यक्षता में जनपद के प्रभारी अधिकारियों की बैठक आज कलेक्ट्रेट के सभागार में सम्पन्न हुयी। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी अधिकारियों द्वारा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्गत निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि यदि आचार संहिता का उल्लंघन किसी भी प्रकार से होता पाया जाये तो आयोग के निर्देशों के अनुसार संबंधित के विरूद्ध अनुशासनिक कार्यवाही अमल में लायी जाये। उन्होंने स्पष्ट किया कि विगत दिवस भारत निर्वाचन आयोग के माध्यम से विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 की घोषणा करने के उपरांत जनपद में आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि एम0सी0सी0 टीम में लगे हुए सभी प्रशासनिक एवं पुलिस के अधिकारीगण होर्डिंग, पोस्टर, वैनर आदि हटवाने की कार्रवाई तत्काल प्रभाव से सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी प्रभारी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनपद में तृतीय चरण में दिनांक 20 फरवरी, 2022 को जनपद में चुनाव होना है इसलिए सभी अधिकारियों का नैतिक दायित्व है कि सभी के द्वारा अपने-अपने कार्य के संबंध में तत्काल प्रारंभ कार्यवाही प्रारंभ करते हुए अपने कार्य को पूर्ण किया जाए ताकि चुनाव के दौरान समस्त चुनाव के कार्य आयोग की मंशा के अनुरूप समयबद्धता के साथ कार्य संपन्न हो सके। उन्होंने जनपद में लोकतंत्र के पर्व को आयोग की मंशा के अनुरूप संपन्न कराने एवं जनपद में अधिक से अधिक लोगों को मतदान कराने के उद्देश्य से मतदाताओं को जागरूक करने के लिये स्वीप (मतदाता जागरुकता अभियान) के अन्तर्गत विभिन्न जागरुकता के संबंध में कार्यवाही सुनिश्चित की जाये, ताकि जनपद में अधिक से अधिक प्रतिशत में मतदान संपन्न हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान सभी अधिकारियों के द्वारा सभी कार्य आयोग के द्वारा निर्धारित किए गए मानकों के अनुरूप ही संपन्न किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि निर्वाचन की बैठक से अनुपस्थित रहने पर निर्वाचन आयोग के संज्ञान में लाते हुये कठोर कार्यवाही की जायेगी, कोई भी अधिकारी बिना पूर्व अनुमति के मुख्यालय नही छोडेगा। उन्होंने कहा कि सभी आर0ओ0, ए0आर0ओ0 एवं प्रभारी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण कर लें।
जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान सभी अधिकारीगण चुनाव के सभी कार्य पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्ष होकर संपन्न करेंगे। प्रशासनिक एवं पुलिस के अधिकारी गण संयुक्त रूप से अपने अपने क्षेत्र में मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की दिशा में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के सभी मतदान केन्द्रों में पानी, लाइट व शौचालय की व्यवस्था सहित अन्य आवश्यकता अनुसार समुचित व्यवस्थायें सुनिश्चित करा दी जाये। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कोविड प्रोटोकॉल के अनुपालन में प्रत्येक मतदान केन्द्र पर थर्मल स्कैनिंग, मास्क व सैनेटाइजर की व्यवस्था सुनिश्चित करायी जायेगी तथा मतदान केन्द्रों में भीड एकत्र न हो इसके लिये मतदान केन्द्र में मतदाताओं को बैठने के लिये कुर्सियों की व्यवस्था सुनिश्चित करायी जायेगी।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डा0 महेन्द्र कुमार, अपर जिला अधिकारी (नगर) श्री अतुल कुमार, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री दयानन्द प्रसाद, मुख्य चिकित्साधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *