इटावा में वैक्सीनेशन के बाद तीन छात्राओं की हालत बिगड़ी, अस्पताल में कराया गया भर्ती

इटावा के रणवीर सिंह मेमोरियल इंटर कालेज हरिहरपुर में वैक्सीनेशन के दौरान तीन छात्राओं की हालत बिगड़ गई। वैक्सीन की पहली डोज लगवाने के बाद उनको सांस लेने में तकलीफ होने लगी थी। तीनों को तुरंत जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया। इनमें दो छात्राओं की हालत देर शाम तक सामान्य नहीं हो सकी थी। इससे चिंतित अभिभावक और कालेज का स्टाफ अस्पताल पहुंच गया था।

15 से 18 आयु वर्ग के किशोरों के लिए शुरू किए गए वैक्सीनेशन अभियान के तहत सोमवार को अन्य इंटर कालेजों की तरह रणवीर सिंह मेमोरियल इंटर कालेज में भी स्वास्थ्य विभाग की तरफ से टीम पहुंची थी। वैक्सीन लगने के बाद 16 वर्षीय श्रद्धा पुत्री अमित कश्यप निवासी अहलादपुरा बसरेहर, 15 वर्षीय अंकिता पुत्र प्रमोद निवासी अमृतपुरा बसरेहर व 15 वर्षीय कंचन पुत्री रवि निवासी हरिहरपुर की हालत बिगड़ गई। तीनों हाईस्कूल की छात्राएं हैं। उनको अपराह्न करीब चार बजे जिला अस्पताल ले जाया गया था। इनमें श्रद्धा को उपचार के कुछ देर बाद होश आ गया था, जबकि अंकिता को आक्सीजन लगाई गई। कंचन को सामान्य हालत में लाने के लिए उपचार जारी था।

इमरजेंसी कक्ष में ड्यूटी पर मौजूद डा. शिवम राजपूत की देखरेख में तीनों छात्राओं का उपचार देर शाम तक जारी था। उन्होंने बताया कि वैक्सीनेशन के बाद इस प्रकार हालत बिगड़ना खास बात नहीं है। इसीलिए वैक्सीनेशन स्थल पर वैक्सीन लगवाने वाले को आधा घंटे तक आराम करने की सलाह दी जाती है। तीनों छात्राएं सामान्य हो जाएंगी, उपचार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *