कानपुर के नजीराबाद में क्राकरी कारोबारी की पत्नी की हत्या में चौकाने वाली बात सामने आयी है। पुलिस की छानबीन में यह सामने आया है कि जिस शव का मायके पक्ष के लोगों ने रविवार को अंतिम संस्कार किया वह अंजना का नहीं था। उसका शव औंग में पांडु नदी में फेंका गया था। राजफाश करते हुए पुलिस ने बताया कि मामले में पति समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। अंजना के शव की तलाश कर रही है।
फेथफुलगंज निवासी 36 वर्षीय अंजना भदौरिया ने वर्ष 2008 में कौशलपुरी निवासी क्राकरी कारोबारी सुलभ मल्होत्रा के साथ प्रेम विवाह किया था। उनके दो बच्चे 11 वर्षीय अयान और पांच वर्षीय नभ है। दंपती के बीच किसी न किसी बात लेकर विवाद होता था। बीते 22 दिसंबर को वह संदिग्ध हालत में लापता हो गई थी। जिसके बाद 27 दिसंबर को पति ने नजीराबाद थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इधर शुक्रवार को पनकी नहर में एक महिला का शव मिला था। जिसकी शनिवार को अंजना की बहन बबली ने पहचान बहन के रूप में की थी। बबली का दावा था कि नहर में मिला शव अंजना का ही है। पोस्टमार्टम के बाद मायके पक्ष के लोग स्वर्गाश्रम ले गए थे। जहां बेटे अयान ने शव मां का न होने की बात कहते हुए इन्कार कर दिया था। यहीं से पुलिस को बल मिल गया। पुलिस ने छानबीन करते हुए पति को उठाया और पूछताछ शुरू की थी। कड़ाई से हुई पूछताछ में सुलभ टूट गया। उसने बताया कि बच्चे को कोल्डड्रिंक मांगने पर दोनों के बीच विवाद हुआ था। बात बढ़ने पर अंजना ने उसका कालर पकड़ा था। जिसके बाद गुस्से में उसने दुपट्टे से ही उसका गला घोंट दिया।
शव को प्रेमिका के फ्लैट में जलाने का किया प्रयास
पुलिस की पूछताछ में आरोपित ने बताया कि हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए उसने अपने चचेरे भाई रिषभ को बुलाया। रिषभ की मदद से आल्टो कार से शव को भन्नानापुरवा निवासी प्रेमिका किरन के फ्लैट ले गया। इधर शव फ्लैट तक ले जान के दौरान कार में खून भी भर गया था। फ्लैट में पेट्रोल डालकर शव को जलाने का प्रयास किया। धुआं अधिक होने पर फिर से कपड़े में अधजला शव लपेट कर दूसरी गाड़ी में डालकर उसे फतेहपुर के औंग थाना क्षेत्र में पांडु नदी में फेंक दिया। इस काम में उसका साथ प्रेमिका किरन, प्रेमिका के पिता रामदयाल ने साथ दिया था। जिस पर पुलिस ने चारों की गिरफ्तारी की है।
साक्ष्य मिटाने के लिए कराई पुताई
हत्या में शामिल आरोपितों ने फ्लैट में साक्ष्य मिटाने के लिए वहां पुताई करा दी थी। एसीपी नजीराबाद संतोष सिंह ने बताया कि फ्लैट में बेंजाडीन टेस्ट में कई जगह खून के निशान मिले हैं। वहीं मृतका के बाल, जलाने का स्थान से भी साक्ष्य जुटाए गए हैं। वहीं बेंजाडीन टेस्ट में पति सुलभ, प्रेमिका किरन, चचेरे भाई रिषभ के नाखूनों में रक्त मिलने की पुष्टि हुई है। प्रेमिका के फ्लैट के पास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी मिले हैं। पुलिस ने खून लगा जैकेट, चप्पल आदि बरामद किया है।
बोले जिम्मेदार : पनकी नहर में मिले शव का डीएनए टेस्ट कराया जाएगा। अंजना के शव की तलाश की जा रही है। वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पति समेत चार आरोपितों की गिरफ्तारी हुई है।
