कानपुर। जनपद की घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र के आगापुर गांव में बीती 02 जनवरी की रात पड़ी डकैती का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। घटना में शामिल सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। उनके कब्जे से लूटा गया माल और असलहे भी बरामद किए गए हैं।
मंगलवार को घाटमपुर सीओ सतीश कुमार द्विवेदी ने इस संबंध में पत्रकारों को जानकारी दी।उन्होंने बताया कि बीती 02 जनवरी की रात आगापुर गांव निवासी मुजफ्फर अली के घर एक वैन से आए छह बदमाशों में धावा बोलकर डकैती की घटना को अंजाम दिया था।
बदमाश 09 हजार रुपए नगद के साथ ही दो मोबाइल फोन, जेवरात और अन्य सामान लूटकर ले गए थे। घटना के समय गृहस्वामी मुजफ्फर अली और उसका बेटा अजमेरी घर से बाहर गए हुए थे। जिसके चलते उसके घर में सिर्फ महिलाएं थीं। बदमाशों ने उनको डराने के लिए बच्चों को ब्लेड मारकर घायल भी किया। मुजफ्फर की पत्नी शकीला की ओर से अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था।
सीओ ने बताया कि इस मामले में घाटमपुर कोतवाल राम बहादुर पाल और उनकी टीम लगातार बदमाशों की तलाश करने में लगी हुई थी।
बताया कि बीते सोमवार की रात पुलिस टीम ने गजनेर-मूसानगर रोड पर स्थित ग्राम रठिगांव के बंबा के पास सभी आरोपियों को एक वैन समेत गिरफ्तार कर लिया।
बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में कस्बा व थाना गजनेर कानपुर देहात निवासी सैमुद्दीन और देवीसिंह, नाला रोड थाना बजरिया कानपुर नगर निवासी शालू, ग्राम छतमरा थाना महाराजपुर निवासी मुख्तार अहमद, ग्राम तिलसहरी थाना महाराजपुर निवासी शिवाकांत और ईदगाह कब्रिस्तान थाना कर्नलगंज कानपुर निवासी मेहताब को गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों के कब्जे से चार तमंचे, एक चाकू, लूटे गए दो मोबाइल फोन, 4500 नगद के साथ ही कुछ जेवरात बरामद किए गए हैं।
सीओ ने बताया कि एसपी आउटर ने टीम में शामिल पुलिसकर्मियों को 10 हजार रुपए का पुरस्कार देने की भी घोषणा की है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

मुख्य आरोपी कोरोना पॉजिटिव
घाटमपुर। आगापुर डकैती कांड में गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मुख्य आरोपी सैमुद्दीन निवासी थाना गजनेर कानपुर देहात मुजफ्फर अली का रिश्ते में साला लगता है। उसका आगापुर गांव आना जाना था। डॉक्टरी परीक्षण में सैमुद्दीन कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।पूछताछ में उसने बताया कि मुजफ्फर अली ने पिछले वर्ष ट्रक खरीदा था। जिसके चलते उसे पता था कि उसके यहां काफी धन है। इसी लालच में उसने अपने साथियों के साथ मुजफ्फर अली के घर डकैती डाली।
