कानपुर देहात में कोरोना संक्रमण को देखते हुए निर्वाचन आयोग की ओर से इस बार विधान सभा चुनाव में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत पूर्ण रूप से प्रीकाशन डोज वाले कर्मियों की ही चुनाव में ड्यूटी लगाई जाएगी।
जिले में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। वहीं चुनाव के दौरान संक्रमण अत्यधिक बढ़ने की आशंका जताई जा रही है, जिसको लेकर निर्वाचन आयोग की ओर से विशेष दिशा निर्देश
जारी किए गए हैं। जिले में रसूलाबाद, अकबरपुर रनियां, सिकंदरा व भोगनीपुर विधानसभा में 1,136 मतदान केंद्र हैं जबकि 1,651 बूथ हैं। इसमें रसूलाबाद में 406, अकबरपुर रनियां में 401, सिकंदरा में 420 व भोगनीपुर में 424 बूथ हैं। प्रत्येक बूथ पर चार मतदान कार्मिकों की तैनाती की जाएगी, जिससे जिले की चारों विधानसभा में 6,604 कर्मिक जिम्मेदारी संभालेंगे। चुनाव ड्यूटी में उन्हीं कर्मियों को लगाया जाएगा, जिन्होंने वैक्सीन के दोनों डोज समय पर लिए हैं व इसके बाद प्रीकाशन डोज लिया है। इसके साथ ही बूथ पर मास्क, सैनिटाइजर के साथ ही अन्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही तीन लेयर का फेस मास्क, साबुन, फेस शील्ड, दस्ताने, थर्मल स्कैनर के साथ ही पीपीई किट की उपलब्धता रखी जाएगी।
