चार न्यायालय कर्मी समेत छह कोरोना पाजीटिव

कानपुर देहात जिले में एक स्वास्थ्य कर्मी समेत छह लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। चार तो केवल जिला न्यायालय के कर्मचारी हैं। सभी को होम आइसोलेट किया गया वहीं राजपुर में संक्रमित के घर की गली को बैरीकेडिग कर सील कर हाटस्पाट क्षेत्र बना दिया गया।

पीएचसी अमरौधा के प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. आदित्य सचान ने बताया कि अमरौधा ब्लाक के विवेकानंद नगर पुखरायां में मंगलवार को एक व्यक्ति की रिपोर्ट कोरोना पाजिटिव आई है। वहीं राजपुर निवासी एलटी पुखरायां सीएससी में तैनात है। वह भी संक्रमित पाया गया है। उसके घर टीम पहुंची और सैनिटाइजेशन किया गया। वहीं उसे मेडिकल किट भी उपलब्ध कराई गई। बांस बल्ली लगाकर गली को सीलकर दिया गया। स्वजन व आसपास के रहने वाले 24 लोगों के सैंपल जांच को लिए गए हैं। वहीं न्यायालय के चार कर्मचारी भी कोरोना पाजिटिव पाए गए हैं। इन सभी के संक्रमित होने की जानकारी मिली तो कोर्ट में सभी सन्न रह गए। एहतियातन सैनिटाइजेशन पूरे परिसर का कराया गया। सभी संक्रमितों को होम आइसोलेट कर दिया गया है। सीएमओ डा. एके सिंह ने बताया कि संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है सभी लोग सुरक्षा नियमों का पालन जरूर करें।

कोरोना जांच को 37 लोगों के लिए सैंपल

भोगनीपुर में अमरौधा ब्लाक के मूसानगर कस्बा में मंगलवार को कोरोना जांच के लिए 37 लोगों के सैंपल लिए गए है। पीएचसी अमरौधा के प्रभारी चिकित्सा धिकारी डा. आदित्य सचान ने बताया कि स्वास्थ विभाग के एलए फहीम ने मूसानगर में आरटीपीसीआर कोरोना जांच के लिए 37 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। सैंपल जांच के लिए मेडिकल कालेज कानपुर भेजे जाएंगे। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *