कार की टक्कर से महिला की मौत, पति व दो बच्चे घायल

कानपुर देहात के अकबरपुर में हाईवे पर मोहम्मदपुर के पास तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े परिवार को टक्कर मार दी। इससे महिला की मौत हो गई जबकि उनके फौजी पति समेत दो बच्चे घायल हो गए। तीनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं कार को पुलिस ने कब्जे में लिया है।

डेरापुर के पलिया गांव निवासी फौजी बृजभान यादव इस समय बंगाल में तैनात हैं। इन दिनों व छुट्टी पर घर आए थे। उनकी पत्नी 32 वर्षीय गरिमा, बेटी एमी व यश्वी अकबरपुर में किराये पर कमरा लेकर रहते हैं। मंगलवार देरशाम को बृजभान बाइक से पत्नी व बच्चों संग गांव के लिए निकले थे। इटावा कानपुर हाईवे पर मोहम्मदपुर के पास पंप पर वह पेट्रोल भराने लगे। इसके बाद सड़क किनारे बाइक लेकर वह सभी के साथ खड़े थे कि उसी समय कानपुर की तरफ से आई कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे गरिमा की घटनास्थल पर मौत हो गई जबकि बाकी लोग घायल हो गए। पुलिस पहुंची और एंबुलेंस से सभी को जिला अस्पताल भिजवाया गया। वहीं दुर्घटना के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लिया है। परिवार के लोगों ने बताया कि 14 जनवरी को बृजभान की छुट्टी खत्म हो रही थी। थाना प्रभारी अकबरपुर विनोद पांडेय ने बताया कि तहरीर पर मुकदमा होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *