कानपुर में क्राइम ब्रांच ने मंगलवार देर रात मुखबिर की सूचना पर बाबूपुरवा के बगाही में तीन घरों में छापेमारी कर छह सटोरियों को गिरफ्तार किया। टीम को मौके से करीब 1.24 लाख रुपये, छह मोबाइल व कई नंबर लिखी पर्चियां बरामद हुईं। क्राइम ब्रांच के एसआइ ने बाबूपुरवा थाने में आरोपितों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम में रिपोर्ट दर्ज कराई।
बाबूपुरवा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि क्राइम ब्रांच ने मंगलवार देर रात थाना पुलिस को साथ ले जाकर बगाही के चुन्नन की बिल्डिंग के तीन घरों में छापेमारी की थी। जहां एक घर से पिता-पुत्रों समेत चार लोगा मोबाइल के वाट्सएप ग्रुप पर सट्टा लगाते मिले। उनके पास से 1.05 लाख रुपये और चार मोबाइल बरामद हुए। पूछताछ में चारों ने अपना नाम मुन्ना लाल साहू, उनका बेटा रजत साहू, राहुल साहू और परिचित हिमांशु बताया। चारों को साथ लेकर टीम ने दो और घरों में छापे मारे। टीम को वहां से शिवम सोनकर और विपिन शर्मा मिले। दोनों के पस से भी करीब 19 हजार रुपये और चार मोबाइल व कई पर्चियां बरामद हुईं। थाना प्रभारी ने बताया पकड़े गए सटोरियों ने एक वाट्सएप ग्रुप बनाया हुआ था, जिसके माध्यम से क्रिकेट मैच में सट्टा लगाते थे। उनके खिलाफ क्राइम ब्रांच के एसआइ अभिषेक शुक्ला ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
