मंगलपुर पुलिस ने शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए थानाक्षेत्र में पड़ने वाले रसूलाबाद व सिकंदरा विधान सभा क्षेत्र के मतदान स्थलों की निगरानी शुरू की है। मतदान स्थलों के आस पास रहने वाले 10-10 ग्रामीणों के फोन नंबरों की सूची तैयार की जा रही है।
विधानसभा चुनाव में कोई अप्रिय घटना न हो इसके लिए मंगलपुर पुलिस ने अभी से कमर कस ली है। मंगलपुर थाने में पकड़े वाले रसूलाबाद विधान सभा 73 मतदान स्थलों के 110 बूथों व सिकंदरा विधानसभा के 83 मतदान स्थलों के 103 बूथों की निगरानी शुरू कर दी है। पुलिस सूचना तंत्र मजबूत करने के लिए प्रत्येक मतदान स्थल के आस पास रहने वाले 10-10 ग्रामीणों के मोबाइल नंबरों की सूची तैयार कर रही है। गांवों के शरारती तत्वों की भी अलग से सूची बन रही है। पिछले विधानसभा व लोक सभा चुनावों में गड़बड़ करने वालों पर पुलिस की खास नजर है। थाना प्रभारी मंगलपुर अजय पाल सिंह ने बताया कि सभी मतदान स्थलों के निरीक्षण के साथ ही आस पास रहने वाले लोगों के नंबर होने से स्थल की सूचनाएं तेजी से मिल सकेंगी व निगरानी भी रहेगी। इसके अलावा शरारतीतत्वों की भी सूची बन रही है जिन्हें पाबंद किया जाएगा।
