पारिवारिक घमासान के बीच भाजपा विधायक विनय शाक्य का भी इस्तीफा

पारिवारिक घमासान के बीच भाजपा विधायक विनय शाक्य का भी इस्तीफा, बोले- नहीं छोड़ेंगे स्वामी प्रसाद का साथ
Thu, 13 Jan 2022
औरैया के कैबिनेट मंत्री पद से स्वामी प्रसाद मौर्य के इस्तीफे के बाद उनके खास समर्थक बिधूना से भाजपा विधायक विनय शाक्य को लेकर मचे पारिवारिक घमासान का गुरुवार को पटाक्षेप हो गया। भाजपा विधायक विनय शाक्य ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया है, अब उनका भी सपा में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं। उनके इस फैसले के बाद बेटी रिया की तरफ से उपजे विवाद पर विराम लगता नजर आ रहा है। बीमारी से ग्रसित विनय शाक्य ने इशारों में स्वामी प्रसाद मौर्य के साथ रहने की बात कही है।

यूपी विधानसभा चुनाव से पहले दल बदलने की बयार से चल पड़ी है। कैबिनेट मंत्री पद से स्वामी प्रसाद मौर्य के इस्तीफा देने के बाद उनके खास माने जाने वाले बिधूना भाजपा विधायक विनय शाक्य के इस्तीफे की चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया था। इसी बीच उनकी बेटी रिया शाक्य के वायरल वीडियो ने सियासी गलियारों में खलबली मचा थी। ट्विटर पर वायलर वीडियो में रिया ने चाचा देवेश शाक्य और दादी पर गंभीर आरोप लगाए थे।

रिया ने गंभीर बीमारी से ग्रस्त और ठीक से बोलने में असमर्थ पिता को जबरन लखनऊ ले जाने की बात कही थी। इसके साथ पिता को सुरक्षित घर पहुंचाने और मिलवाने की गुहार लगाई थी। शाम तक एसपी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए इटावा स्थित घर में विनय शाक्य के सुरक्षित होने का दावा किया था। औरैया एसपी अभिषेक वर्मा ने साफ किया था कि रिया शाक्य द्वारा वायरल वीडियो में पिता विनय शाक्य को जबरन ले जाने के आरोप बेबुनियाद हैं। पारिवारिक विवाद का मसला होने और जांच कराने की बात कही थी।

अपने आवास पर मिले विनय शाक्य

सियासी मंच पर पारिवारिक नाटक के बीच दूसरे दिन भाजपा विधायक विनय शाक्य इटावा स्थित शांति कॉलोनी में पैतृक आवास पर मिले थे। घर में उनकी मां द्रोपदी देवी और भाई देवेश शाक्य भी साथ थे। बीमारी से ग्रसित होने के कारण इशारों में विधायक विनय शाक्य ने स्वामी प्रसाद मौर्या के साथ निष्ठा होने और 26 साल से व्यक्तिगत संबंध होने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि जहां स्वामी प्रसाद मौर्या जहां रहेंगे वह उनके साथ ही रहेंगे। बेटी रिया के सभी आरोप गलत व निराधार हैं। राजनीति के तहत बरगलाने के कारण बेटी गलत बयान दे रही है।

विनय शाक्य ने दिया इस्तीफा

स्वामी प्रसाद मौर्य के सपा में शामिल होने की चर्चा के बाद से विधायक विनय शाक्य के भी पार्टी छोड़ने की अटकलें तेज हो गई थीं। अब विनय शाक्य ने भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। हालांकि पारिवारिक गहमा गहमी अभी थमी नहीं है। अब विनय शाक्य का भी सपा में शामिल होने का रास्ता साफ हो गया है। वर्ष 2017 में बिधूना विधानसभा से भाजपा की टिकट पर चुनाव जीतने वाले विनय शाक्य ने अपने इस्तीफे में सरकार पर कूटनीतिपरक रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। विधायक प्रतिनिधि देवेश शाक्य ने बताया कि प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद वह स्वामी प्रसाद मौर्य के साथ हैं। जहां वह रहेंगे, वह भी उनके साथ चलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *