कानपुर में चार्ज लेने के दूसरे दिन ही पुलिस कमिश्नर विजय सिंह मीणा एक्शन में दिखे. शनिवार को उन्होंने न केवल मूलगंज और कोतवाली थाना क्षेत्र में आने वाले इलाकों में रूट मार्च किया बल्कि कोतवाली थाना का निरीक्षण करने भी पहुंच गए. रूट मार्च के दौरान मेस्टन रोड पर लगने वाले जाम और अतिक्रमण को भी पुलिस कमिश्नर ने देखा l
कानपुर के नए पुलिस कमिश्नर विजय सिंह मीणा ने शुक्रवार को चार्ज लिया था. इस दौरान उन्होंने चुनाव को सकुशल कराने के साथ अपराधियों के खिलाफ सख्ती की बात कही थी. चार्ज लेने के बाद दूसरे ही दिन पुलिस कमिश्नर विजय सिंह मीणा, अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों और फोर्स के साथ सड़क पर उतर आए. इस दौरान उन्होंने कोतवाली और मूलगंज थाना क्षेत्र में आने वाले इलाकों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान मेस्टन रोड में दुकानदारों की तरफ से किए गए अतिक्रमण को भी उन्होंने देखा. सड़क के बीचोबीच बेतरतीब खड़े वाहनों से किस तरह से जाम लगता है, इसका भी नजारा उनके सामने आया. बताया जा रहा है कि पुलिस कमिश्नर ने इसको लेकर संबंधित थाना प्रभारियों को सख्ती से निर्देश दिए हैं. इसके बाद पुलिस कमिश्नर ने कोतवाली थाना का निरीक्षण किया. थाने में कमिश्नर के पहुंचते ही पुलिस कर्मियों में भी हड़कंप मच गया. यहां पर कई जगह गंदगी मिलने पर पुलिस कमिश्नर ने नाराजगी जताई l

2022-01-15
