तापमान में लगातार हो रही गिरावट से गलन के साथ बढ़ी सर्दी

कानपुर देहात में सर्दी के साथ ही गलन के कारण लोगों को घरों में भी चैन नहीं मिल रहा है। वहीं आवागमन करने वालों को और भी असुविधा हो रही है। पिछले सप्ताह की तुलना में अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट हो चुकी है। इससे शनिवार को अधिकतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। वहीं न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस पर रहा। इससे लोग दिन में भी ठिठुरते रहे।

उत्तर पश्चिमी हवा के कारण न्यूनतम के साथ ही अधिकतम तापमान में भी गिरावट हो रही है। वहीं कोहरे के साथ ही गलन ने सर्दी बढ़ा दी है। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है जबकि घरों में भी लोगों को ठिठुरन से निजात नहीं मिल रही है। शनिवार सुबह घना कोहरा छाया रहा और यातायात दृश्यता कम होने से प्रभावित रहा। दिन के उजाले में भी लाइट जलाकर वाहन सवार गुजरे। दोपहर करीब 12 बजे के बाद कोहरा कम हुआ, लेकिन बदली के कारण धूप हल्की रही। वहीं हवा की गति भी सामान्य से अधिक 3.6 किमी प्रति घंटे रही, जिससे आवागमन करने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि उत्तर पश्चिमी हवा के प्रभाव से मौसम में परिवर्तन हुआ है, जिससे अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट हो रही है। इसके साथ ही शीतलहर का प्रकोप भी बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि आगामी सप्ताह भी सर्दी से निजात मिलने की उम्मीद नहीं है। वहीं तापमान में गिरावट का सिलसिला अभी जारी रहेगा।

पशु-पक्षी भी बेहाल

सर्दी के कारण पशु पक्षी भी बेहाल हैं। बेसहारा मवेशी जहां अलाव जलता देखते हैं वहां पास में आकर खड़े हो जाते हैं इसके अलावा रात के समय भी दुकानों के टीनशेड के नीचे शरण ले रहे हैं। इन्हें गोशाला भेजने का भी सही से इंतजाम नहीं हो रहा कि कुछ राहत मिल जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *