कानपुर में रिकॉर्ड कायम कर रही ठंड के तेवर और सख्त हो गए हैं. एक दिन पहले दिन के अधिकतम तापमान ने 18 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ा तो मंगलवार को न्यूनतम पारा लुढ़कर 2.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया. ठंड के इस जबरदस्त हमले के बीच मौसम विभाग ने 22 और 23 जनवरी को बारिश और ओलावृष्टि का अनुमान जताया है. ठंड के तेवरों को देखते हुए सर्दी से हरसंभव बचाव करने को कहा गया है.
कोहरा, बर्फीली हवाओं ने शहर में गलन के तेवरों को और बढ़ा दिया है. हालात ऐसे हैं कि गलन की वजह से सड़कों पर चल रहे लोग मजे की ठिठुरन महसूस कर रहे हैं. पारे में आ रही गिरावट ने कानपुर को शिमला, मसूरी जैसे पहाड़ी इलाकों से ज्यादा ठंडा बना दिया है. सीएसए के मौसम विभाग के अनुसार को मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस पर रहा. यह सामान्य से 7.1 डिग्री कम रहा. इसकी वजह से दिन में भी गलन दिखी. सूर्यदेव भी दिनभर बादलों की ओट में छिपे रहे. वहीं, न्यूनतम पारा 2.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया. यह सामान्य से 4.6 डिग्री सेल्स्यिस कम तापमान रहा. वातावरण में नमी का प्रतिशत भी 97 तक पहुंच गया।
इस बीच, सीएसए के मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि मौसम के इन तेवरों के बीच पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय हो रहा है. ऐसे में 22 और 23 जनवरी को आसमान में बादल छाए रहेंगे ओर बारिश के साथ ओले गिर सकते हैं. किसानों को सलाह दी गई है कि वे फसलों में सिचाई, खरपतवार नाशी, कीटनाशी एवं रोग नाशी का छिड़काव रुककर करें.
ठंड के इन तेवरों के बीच घरों में हीटर, ब्लोअर और सड़कों पर अलाव ही सहारा बने हुए हैं. ठंड के तेवरों को देखते हुए चिड़ियाघर में जानवरों के बाड़े में हीटर जलाए गए हैं. अधिकतर जानवर मंगलवार को बाड़े से बाहर नहीं निकले l

2022-01-18
