सर्दी के इस मौसम में पानी को लेकर हायतौबा मची हुई

सर्दी के इस मौसम में पानी को लेकर हायतौबा मची हुई है. पहले ईदगाह चौराहा पर डाट नाला धंसा और पाइप लाइन टूट गई, जिसकी वजह से सड़क धंस गई. महापौर के तेवर दिखाने के बाद किसी तरह जलकल विभाग ने लाइन सही कर वॉटर सप्लाई सुचारू की तो अब हर्षनगर मे सड़क का बड़ा हिस्सा धंस गया. अब जलनिगम कर्मचारी धंसी सड़क खोदकर जांच कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि फीडर मेन लाइन में लीकेज की वजह से सड़क धंसी है.
कानपुर में इस समय पाइप लाइन लीकेज की वजह से पानी संकट का सामना लोगों को करना पड़ा है. शहर के मोहल्ले हों या साउथ सिटी की आबादी, कड़कड़ाती ठंड में सभी पानी के लिए परेशान हैं. इन सबके बीच ईदगाह चौराहा पर पाइप लाइन को देर रात जलकल विभाग ने ठीक कर वॉटर सप्लाई सुचारू कर दी. इससे 20 लाख आबादी को पेयजल संकट से राहत मिली ही थी कि अब हर्षनगर में सड़क धंस गई. सड़क धंसने की जानकारी पर जलनिगम के अभियंता मौके पर पहुंचे. जेसीबी मंगाकर धंसी सड़क की खुदाई की जा रही है. जलनिगम अफसरों का कहना है कि इस सड़क के नीचे से 1100 एमएम की फीडर मेन लाइन जा रही है. यह लाइन गंगा बैराज से जलकल विभाग होते हुए शहर के कई हिस्सों में वॉटर सप्लाई करती है. उनका कहना है कि लीकेज की वजह से सड़क धंसी है. फिलहाल फॉल्ट को खोजा जा रहा है. मौके पर मौजूद जलनिगम कर्मचारियों ने कहा कि लीकेज मिलते ही तुरंत मरम्मत का काम किया जाएगा. बताया जा रहा है कि इसकी वजह शहर की बड़ी आबादी के सामने फिर से पानी का संकट खड़ा हो गया है l

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *