सर्दी का प्रकोप बढ़ते ही चोरों का आतंक बढ़ गया है। रात्रि में सर्दी के कारण सन्नाटा होने से चोरों का कुनबा बढ़ता जा रहा है। चोर आए दिन किसी न किसी घर को निशाना बना रहे हैं।शनिवार देर रात कल्याणपुर क्षेत्र के विनायकपुर में चोरों ने एक घर को अपना निशाना बना लिया जहां चोरों ने लाखों की ज्वेलरी समेत नकदी पर हाथ साफ कर दिया है।
विनायकपुर बालाजीपुरम निवासी पीड़ित हिमांशु त्रिवेदी ने बताया है कि पास में ही वह अपने दूसरे घर में थे। रात ढाई बजे फोन आया कि उनके दूसरे घर में चोरी हो गई है। घर आकर देखा तो घर के दरवाजे सहित कमरे और बक्से के ताले टूटे थे। उनकी 5 फरवरी को शादी है। बक्से में सोने के गहने और नकदी रखी थी जो चोरी हो गई है। चोरों ने लगभग 9 से10 लाख रूपए की चोरी की घटना को अंजाम दिया हैवहीं देर रात रावतपुर गांव क्षेत्र के आनंद नगर में पब्लिक ने एक रिक्शा चोर को चोरी करते रंगे हाथों पकड़ लिया। गली में खड़े ईरिक्शे को चोर शनिवार रात तीन बजे ले जाने लगा। खटपट की आवाज सुनकर ईरिक्शा मालिक राजेश कुशवाहा बाहर निकले। लेकिन चोर ने दरवाजे को बाहर से तार से बांध दिया। किसी तरह दरवाजा खोलकर बाहर निकले तो चोर मोटर साइकिल से भागने लगा। दौड़ा कर पकड़ा। शोर सुनकर पब्लिक इकट्ठा हो गई इसके बाद चोर को पब्लिक ने जमकर पीटा। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने चोर को अपनी कस्टडी में लेकर युवक से पूछताछ कर इलाज के लिए भेजा है। पुलिस पूछताछ में युवक ने अपना नाम बाकरगंज निवासी आफताफ बताया है। पुलिस युवक से पूछताछ कर इसके अन्य साथियों के बारे में जानकारी करने का प्रयास कर रही है।
वहीं क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि चोर के पास से एक तमंचा,चापड़ और एक मोटर साइकिल बरामद की है। जो चोरी की बताई जा रही है। युवक के पास से बरामद चीजों को पुलिस ने अपनी कस्टडी में ले लिया है।
2022-01-24
