समाजवादी पार्टी की तरफ से जारी की गई अधिकाधिक सूची में कानपुर के छह प्रत्याशियों का ऐलान किया गया है. इसमें आर्यनगर, सीसामऊ, कल्याणपुर और बिठूर में जहां पुराने चेहरों पर विश्वास जताया गया है, वहीं महराजपुर में पार्टी ने पहली बार किसी सिख चेहरे पर दांव लगाया है. इसके अलावा घाटमपुर में भाजपा छोड़कर आए भगवती सागर को टिकट दिया गया है.
सपा की तरफ से जारी की लिस्ट में सबसे चौंकाने वाला नाम महराजपुर से है. पूर्व में सरसौल और अब महराजपुर विधानसभा में पिछले दो बार से भाजपा के सतीश महाना विधायक हैं. पहली बार सपा ने यहां पर सिख चेहरे पर दांव खेला है. बता दें कि महराजपुर विधानसभा में हरजेंदरनगर, लालबंग्ला, शिवकटरा, गांधीग्राम आदि क्षेत्रों में पंजाबी, सिख, खत्री और सिंधी समुदाय के मतदाताओं की बहुतायत है. यही वजह है कि सपा ने इस बार यहां से फतेह बहादुर सिंह गिल को टिकट दिया है. फतेह बहादुर सपा युवजन सभा के राष्ट्रीय सचिव के अलावा अल्पसंख्यक मंत्रालय के सदस्य रह चुके हैं.
फतेह बहादुर सिंह का नाम इस वजह से भी चर्चा में है, क्योंकि पिछले साल गांधी जयंती के दिन कैबिनेट मंत्री सतीश महाना के आवास पर वह समर्थकों संग प्रदर्शन करने गए थे. इस दौरान कार्यालय में जबरन घुसने का आरोप लगाया गया. इस मामले में सपा और भाजपा कार्यकर्ताओं में टकराव हुआ था. इस मामले ने तूल भी पकड़ा था.
सपा ने महराजपुर विधानसभा से पहली बार सिख चेहरे को टिकट दिया है. इसमें पहले सपा ने यहां से लाल सिंह तोमर, अरूणा तोमर, जगराम सिंह आदि को टिकट दिया था.
सपा ने घाटमपुर सीट से भाजपा छोड़कर आए भगवतीसागर पर दांव लगाया है. भगवती सागर वर्तमान में बिल्हौर सुरक्षित विधानसभा से विधायक हैं. माना जा रहा है कि स्वामी प्रसाद मौर्य के कोटे के आधार पर ही उन्हें घाटमपुर से प्रत्याशी भी बनाया गया है. इसके अलावा कल्याणपुर से सतीश निगम, आर्यनगर से अमिताभ बाजपेयी, और सीसामउ विधानसभा में विधायक इरफान सोलंकी पर पार्टी ने विश्वास जताया है l
2022-01-24
