कानपुर। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल/ कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल द्वारा प्रदत्त निर्देशों के अनुपालनार्थ एवं विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. डी आर सिंह के कुशल मार्गदर्शन में आज दिनांक 1 जुलाई को चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम चलाया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. डी आर सिंह ने बताया कि पर्यावरण को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने के लिए पौधारोपण अत्यंत ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण कार्यक्रम आज के परिवेश में जनांदोलन बनाने की जरूरत है। इसी परिपेक्ष में विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों द्वारा लगातार जनजागृति अभियान चलाया जा रहा है।उन्होंने कहा जितनी ज्यादा हरियाली होगी उतना ही अधिक स्वच्छ व स्वस्थ वातावरण होगा। कुलपति ने कहा कि पेड़ों से हमें विभिन्न प्रकार के फलों और सब्जियों की प्रचुरता प्रदान होती है। और वातावरण में नमी के स्तर को नियंत्रित करते हैं। तथा मिट्टी के कटान को रोकने में भी सहायक है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण में बढ़ते प्रदूषण की वजह से वृक्षारोपण की आवश्यकता इन दिनों अधिक हो गई है।डॉ सिंह ने वृक्ष पारिस्थितिकी संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक पेड़ लगाने और जंगलों के निर्माण या कम से कम शेष जंगलों को जीवित रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण सुनिश्चित करता है कि वन्यजीवों के लिए पर्याप्त वन विकसित किए जाएं ताकि वन्य जीव विलुप्त न होने पाए। इस वृहद वृक्षारोपण के अवसर पर विश्वविद्यालय के समस्त विभागों, कृषि विज्ञान केंद्रों तथा कृषि अभियंत्रण महाविद्यालय इटावा, लखीमपुर खीरी,बीज प्रक्षेत्रो पर पीपल सहित अन्य वृक्षों के लगभग 2500 पौधे लगाए गए।
2021-07-01
