कांग्रेस ने आखिरकार कानपुर में उन विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया, जहां पर विद्रोह की आशंका के चलते अभी तक पार्टी वेट एंड वॉच की स्थिति अपनाए हुए थी. कांग्रेस की इस नई सूची में गोविंदनगर से करिश्मा ठाकुर और सीसामऊ से हाजी सुहैल अहमद को प्रत्याशी बनाया गया है.रविवार को जारी लिस्ट में कांग्रेस ने गोविंदनगर से एक बार फिर से करिश्मा ठाकुर पर विश्वास जताया है. करिश्मा दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ की राजनीति से आयी हैं. उपचुनाव में भी गोविंदनगर से कांग्रेस ने उन्हें लड़ाया था लेकिन उन्हें भाजपा के सुरेंद्र मैथानी के हाथों शिकस्त मिली थी. अब एक बार फिर से यहां पर पार्टी ने करिश्मा ठाकुर को टिकट देकर महिला प्रत्याशी पर भरोसा जताया है.
इसी तरह पार्टी ने सीसामऊ से हाजी सुहैल अहमद को टिकट दिया है. हाजी सुहैल अहमद सपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे. सपा में वह पार्षद दल के नेता पर थे. माना जा रहा था कि टिकट के आश्वासन पर ही उन्हें कांग्रेस ज्वॉइन करायी गई थी. कांग्रेस में सीसामऊ विधानसभा से सबसे ज्यादा दावेदार भी थे. पार्टी के उत्तर जिलाध्यक्ष और पूर्व शहर अध्यक्ष भी यहां से दावेदार थे लेकिन हाजी सुहैल इन सभी पर भारी पड़े. वहीं,घाटमपुर सुरक्षित सीट से राज नारायण कुरील को टिकट दिया गया है l
2022-01-30
