उरई में घोड़ी से तीन बार नीचे गिरा दूल्हा, फिर मुंह सूंघकर दुल्हन ने कर दिया शादी से इन्कार
Thu, 01 Jul 2021
उरई में शादी के दौरान एक अजीब मामला सामने आया है। जहां पर बरात आते समय दूल्हा तीन बार घोड़े से गिर गया। इस बात पर जनातियों को कुछ शक हुआ वो दूल्हे के पास गए वो ठीक से खड़ा तक नहीं हो पा रहा था, इसकी जानकारी दुल्हन को हुई तो उसने शादी से इन्कार कर दिया।
कुठौंद थानाक्षेत्र के एक गांव में बुधवार रात आई बरात में उस समय अजब स्थिति बन गई, जब घोड़ी पर बैठा दूल्हा संभल नहीं पा रहा था। वह तीन बार गिरा। पता चला वह नशे में है तो स्टेज से यह सब देख रही दुल्हन ने सबके सामने शादी से इन्कार कर दिया।
गांव निवासी एक युवक ने अपनी बहन की शादी झांसी के मोठ थानांतर्गत ग्राम खिल्ली मड़ोरा निवासी वीरेंद्र के साथ तय की थी। बुधवार रात बरात आई। शादी का जश्न चल रहा था। दुल्हन स्टेज पर आ चुकी थी। जैसे ही दूल्हे ने घोड़ी पर बैठकर शादी समारोह स्थल पर प्रवेश किया तो वह एक बार नहीं, बल्कि तीन बार घोड़ी से गिर गया। जब दुल्हन पक्ष के लोगों ने उसे उठाया तो मुंह से शराब की बदबू आ रही थी। सभी को पता चल गया कि दूल्हा शराब के नशे में है। यह सब नजारा स्टेज पर खड़ी दुल्हन को रास न आया और उसने साफ लफ्जों में मौजूद लोगों के सामने शादी करने से इन्कार कर दिया।
दुल्हन की यह बात सुनकर सभी के होश उड़ गए। पूरी रात और दिन भर दुल्हन व दूल्हा पक्ष में विवाद होता रहा। जब बात न बनी तो मामला थाने पहुंचा। दुल्हन के भाई ने दूल्हा और उसके घरवालों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इस दौरान पुलिस ने समझा-बुझाकर दोनों पक्षों को शांत कराया। हालांकि, काफी प्रयास के बाद भी दुल्हन शादी के लिए राजी नहीं हुई। अंत में बरात बैरंग लौट गई। थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि दोनों परिवारों को समझाया गया था, लेकिन वह तैयार नहीं हुए।
