कानपुर देहात में शिवली के मकरंदापुर मलिक गांव में पिता- पुत्र को पड़ोसियों ने लाठी-डंडे व धारदार हथियार से लहूलुहान कर दिया। घायलों का आरोप है कि आरोपितों ने पहले खुद मतांतरण किया और अब गांव के लोगों को भी बरगला रहे हैं। इसी बात का विरोध करने पर हमला किया गया। पुलिस ने पांच आरोपितों पर मारपीट का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
मकरंदापुर मलिक निवासी सुमित कुमार मिश्रा ने बताया कि उसके गांव का राजू सिंह करीब एक साल पहले युश्मान खां बन गया है। वो अब गांव के दूसरे लोगों को भी मतांतरण के लिए बरगला रहा है। इसकी जानकारी मिलने पर उसके स्वजन ने विरोध किया। इससे युश्मान उसके परिवार से रंजिश मानने लगा। बुधवार रात करीब नौ बजे उनका भतीजा आशुतोष मिश्रा कानपुर के कल्याणपुर से वापस घर आ रहा था। गांव के पास पहुंचने पर पहले से ही घात लगाए बैठे युश्मान खां, आरिफ खां, सत्तार खां, साजिद खां, सरफराज खां ने लाठी-डंडा, तमंचा व धारदार हथियार से वारकर उसे घायल कर दिया। इसके बाद घर में घुसकर आशुतोष के पिता अमित कुमार मिश्र को भी पीटकर घायल कर दिया।
दोनों घायलों को कानपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना प्रभारी शिवली आमोद कुमार ने बताया, आरोपितों पर मारपीट की धारा का मुकदमा दर्ज किया गया है। मतांतरण के लिए लोगों को बरगलाने के आरोप की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
