प्रदेश सरकार ने नाइट कर्फ्यू के समय में बदलाव किया है

यूपी में कोरोना संक्रमण के घटते मामलों के मद्देनजर प्रदेश सरकार ने नाइट कर्फ्यू के समय में बदलाव किया है। अब उत्तर प्रदेश में 13 फरवरी से नाइट कर्फ्यू का वक्त रात 11 बजे से किया गया है, जबकि 14 फरवरी से सभी स्कूल भी खोल दिए जाएंगे। यह आदेश प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को प्रमुख सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने जारी किए हैं। वहीं आदेश में प्रदेश के जिम को भी खोलने का फैसला लिया गया है। इसके साथ ही, सभी सरकारी व प्राइवेट दफ्तर भी पूरी उपस्थिति के साथ काम कर सकेंगे। हालांकि स्विमिंग पूल, वॉटर पार्क अभी भी बंद रहेंगे। बता दें कि कोरोना और ओमिक्रॉन के बढ़ते खतरे को देखते हुए राज्य में अभी तक रात 10 से सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू लागू था।
राज्य सरकार के अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि प्रदेश में कोरोना नाइट कर्फ्यू अब रात 11 से सुबह 6 बजे तक लागू रहेगा। दरअसल, नाइट कर्फ्यू में जरूरी सेवाओं के अलावा अन्य तरह के मूवमेंट पर प्रतिबंध होता है। सरकार ने कोरोना के मामलों में लगातार आ रही गिरावट को देखते हुए ये फैसला किया है। यूपी में 9वीं से 12वीं तक स्कूल 7 फरवरी से खुल चुके हैं जबकि पहली से आठवीं कक्षा तक स्कूल 14 फरवरी से खोलने के आदेश जारी किए गए हैं।
स्कूल में सभी छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए मास्क अनिवार्य होगा। साथ ही स्कूल के मेन गेट पर हेल्प डेस्क बनाई जाएगी। यहां इंफ्रा रेड थर्मामीटर, पल्स ऑक्सीमीटर आदि की मदद से कोरोना के लक्षण वाले लोगों की पहचान की जाएगी। स्कूल कैंपस में सैनिटाइजेशन और साफ-सफाई की भी पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी। कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए कक्षाएं संचालित की जाएंगी।
यूपी में शनिवार को 1,776 नए कोरोना के मामले सामने आए थे, जबकि राज्य में दस लोगों की मौत हुई थी। इस दौरान 3,101 कोरोना संक्रमित मरीज ठीक हुए थे। अब राज्य में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 20,18,074 हो गई है। वहीं अब तक कुल 23,391 कोरोना संक्रमितों की मौत कोविड काल के दौरान राज्य में हुई है। हालांकि प्रदेश में अब भी 15,276 कोरोना के एक्टिव मरीज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *