कानपुर 13 फरवरी 2022
केंद्र सरकार में कौशल विकास, उद्यमशीलता, सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक मंत्रालय के राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने आज कानपुर के ग्रैंड गीत होटल में भारतीय जनता पार्टी के मीडिया सेंटर में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि कोविड-19 के पूर्व 2017 से 2020 तक भारत वर्ष में पांच करोड़ नौकरियों का सृजन हुआ था और कोविड-19 के पश्चात भी जब देश ओमीक्रोन जैसी चुनौती से बाहर निकल रहा है तब नैस्कॉम के अनुसार पिछले एक वर्ष के दौरान रिकॉर्ड 28 लाख से ज्यादा नौकरियों का सृजन हुआ है । कोविड-19 बाद पूरा देश संकटों से लड़ते हुए भी बहुत तेजी से उठ खड़ा हुआ है। देश की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे की ओर बढ़ी है। देश की कृषि व्यवस्था में रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई है ।बेरोजगारी की दर लगातार कम हो रही है। बजट पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार छोटे एवं मझोले व्यापारियों के लिए व्यापार की सुविधाएं बढ़ाने का काम करेगी। केंद्र सरकार इन व्यापारियों के लिए तीन लाख करोड़ की आर्थिक योजना लेकर आई थी। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार और केंद्र की मोदी सरकार की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यहां पर डबल इंजन सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का ही प्रभाव है कि उप्र आगे बढ़ रहा है। इसी का प्रभाव है कि यहां पर निवेशकों ने भारी मात्रा में औद्योगिक निवेश करने का मन बनाया है और लगातार उद्योग स्थापित कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि विदेशी औद्योगिक निवेशक तमिलनाडु, कर्नाटक जैसे विकसित राज्यों की अपेक्षा अब उत्तर प्रदेश की ओर आकर्षित हो रहे हैं।उत्तर प्रदेश में मूलभूत सुविधाओं में विकास हुआ है कानून व्यवस्था बेहतर हुई है और व्यापार करने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध हुआ है।क्रिप्टो करेंसी के बारे में स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि देश की सरकार ने विदेशी क्रिप्टो करेंसी को वैध घोषित नहीं किया है।

2022-02-14
