असउदुद्दीन ओवैसी को बीजेपी की बी टीम बताया

कानपुर। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने असउदुद्दीन ओवैसी को बीजेपी की बी टीम बताया है। उन्होंने कहा कि सरकार से हिजाब की जगह बैंकों के हिसाब पर जवाब लिया जाएगा। उन्होंने लखीमपुर कांड में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे आशीष को मिली जमानत के खिलाफ दोबारा कोर्ट में अपील करने का दावा किया है।
बीकेयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कानपुर के घंटाघर स्थित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया। साथ ही बन्नू साहब गुरुद्वारे के दर्शन करने भी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि लखीमपुर कांड के आरोपी केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे आशीष की जमानत के खिलाफ भाकियू कोर्ट में अपील करेगा। उन्होंने बताया कि जब सुनवाई चल रही थी, उस वक्त हमारी तरफ से नेट की समस्या के कारण आवाज कोर्ट तक नहीं पहुंच पाई। इसलिए अब हम अपील कर रहे हैं कि हमारी बात सुनी जाए। उन्होंने कहा कि अगर इतनी बड़ी घटना कर कोई व्यक्ति बाहर आ सकता है तो लोगों को यह भी देखना चाहिए कि उन्हें ऐसी सरकार चाहिए या कानून का पालन करने वाली सरकार चाहिए। वह अदालत का पूरा सम्मान करते है। इसलिए अब वह अपील करने जाएंगे। टिकैत ने आगे कहा कि केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा 120बी के आरोपी है, हालांकि उन्होंने न तो सरेंडर किया है और न ही मंत्री पद छोड़ा है। ऐसा लगता है कि यह राजा महाराजाओं की सरकार है और हम उस दौर में हैं।
राकेश टिकैत ने कहा कि अब हिजाब की जगह बैंकों के हिसाब की बात है। यह देश हिसाब से चलेगा और सरकार को हजारों करोड़ के घोटाले का जवाब देना होगा। ओवैसी पर कहा कि वह बीजेपी की बी टीम हैं। बीजेपी और ओवैसी दिन में एक-दूसरे के खिलाफ बोलते हैं और रात में साथ हो जाते हैं। इस समय देश बंधनों में है और हर कोई बंधन से मुक्ति चाहता है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में मतदाता को बंद स्कूल, अस्पताल, महंगाई, देश को मजदूर कॉलोनी बनाने के षडयंत्र जैसे मुद्दों पर वोट करना चाहिए।
किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी बीजेपी 2017 के विधानसभा चुनाव में किसानों से किये अपने वादों से पलट गयी है। आज पलायन करता मजदूर है, भटकता बेरोजगार है और बेहाल किसान है, लेकिन हम सबका ध्यान बांटने के लिए हिंदू-मुसलमान, जात-बिरादरी का झगड़ा किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *