UP Election 2022 Phase 4 Voting: उन्नाव में आमने- सामने आए दो पार्टियों के समर्थक, हवाई फायरिंग से फैली दहशत
उन्नाव की सदर कोतवाली अंतर्गत करोवन क्षेत्र के एक गांव में दो राजनैतिक पार्टियों के प्रत्याशियों के समर्थक आमने-सामने आ गए। मामला बढ़ा तो उन लोगों ने रुतबा दिखाते हुए फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुन ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना पुलिस को दी गई तो एसडीएम, सीओ व कोतवाल मौके पर पहुंचे और जांच कर कुछ लोगों को हिरासत में लिया।
बुधवार को जिले में विधानसभा चुनाव को लेकर शांतिपूर्ण मतदान चल रहा था। तभी शाम करीब साढ़े पांच बजे सदर कोतवाली अंतर्गत करोवन क्षेत्र में दो राजनैतिक पार्टियों के प्रत्याशियों के समर्थकों में जीत-हार को लेकर बहस छिड़ गई। देखते ही देखते बहस ने विवाद का रूप ले लिया और उनमें गालीगलौज के बाद तमंचे निकल आए। तभी एक पक्ष से किसी ने दूसरे पक्ष पर फायर झोंक दी। गनीमत रही कि गोली हवा में निकल गई।
गोली चलने की सूचना पर एसडीएम सदर सत्यप्रिय सिंह, सीओ सिटी कृपाशंकर व कोतवाली प्रभारी ओपी राय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। लोगों से जानकारी की तो पता चला कि उन लोगों ने गोली चलने की दो आवाजें सुनी थीं। हालांकि लोग किसी का नाम नहीं बता सके। इस पर अधिकारियों ने वहां मौजूद कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। हालांकि पुलिस अधिकारी पटाखा फोड़े जाने की बात कह रहे हैं। उन्होंने गोली चलने की बात को नकार दिया।
