औरैया में युवक की गोली मारकर हत्या, खेत किनारे नाली में शव छोड़ भागे हत्यारे, पुलिस और फारेंसिक कर रही जांच
औरैया में दिबियापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत शुक्रवार की अपराह्न 26 वर्षीय एक युवक का शव गहेसर गांव समीप खेत किनारे नाली में औंधे मुंह मिलने से सनसनी फैल गई। खेतों से लौट रहे कुछ लोगों ने देखा तो शोर मचाने लगे। इस पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त की। जामा तलाशी में आधार कार्ड मिला। पहचान होने पर स्वजन को सूचना दी। घटनास्थल पर एक जिंदा कारतूस व खोखा मिला। आंख के नीचे गोली लगी होने की पुष्टि हुई। कुछ देर में पहुंची फारेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।
गहेसर गांव निवासी युवक विनय पुत्र चंद्रप्रकाश गुरुवार से लापता था। उसके स्वजन उसे इधर-उधर तलाश रहे थे। शुक्रवार को भी उसे ढूंढने के प्रयास जारी थे। इस बीच अपराह्न करीब तीन बजे खेतों के किनारे नाली में एक शव मिलने का शोर उन्हें सुनाई दिया। मौके पर मौजूद पुलिस ने पहुंचे स्वजन से मृतक के बारे में पूछा। पिता चंद्रप्रकाश ने रोते हुए शव बेटे का बताया। इसके बाद पुलिस ने घटना को लेकर पूछताछ की। लेकिन, वह कुछ बताने लायक नहीं था। इस बीच वहां विनय की मां व उसका भाई पहुंचा।
जानकारी पर क्षेत्राधिकारी सुरेंद्र नाथ यादव व दिबियापुर थाना प्रभारी विकास राय पहुंच गए। उन्होंने जांच शुरू की। घटनास्थल के समीप ही एक जगह .32 का जिंदा कारतूस व खोखा मिला। आंख के नीचे गोली लगी थी। शरीर व मुंह पर खून के धब्बे थे। उधर, फारेंसिक टीम ने कुछ साक्ष्य जुटाने के लिए हाथ पैर मारना शुरू किया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि जांच की जा रही है।
