कानपुर-इटावा हाइवे पर अनियंत्रित होकर पलटी ट्रेवल्स बस, 25 यात्री घायल, हमीरपुर से जा रही थी हरियाणा

औरैया में मंगलवार की रात करीब आठ बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-19 कानपुर- इटावा हाईवे पर मिहौली गांव समीप एक ट्रेवल्स बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें सवार 50 यात्रियों में करीब 25 लोग घायल हो गए। घायलों में बच्चे भी शामिल रहे। हादसे से जाम के हालात बने। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार शुरू किया गया।

मौदहा हमीरपुर जनपद से शताब्दी प्रिंस ट्रेवल्स की बस गुरुग्राम हरियाणा जा रही थी। शाम करीब साढ़े चार बजे बस 50 यात्रियों को लेकर रवाना हुई थी। कानपुर-इटावा हाईवे पर मिहौली गांव के पास एकाएक अनियंत्रित हो जाने से चालक आपा खो बैठा और बस पलट गई। इसके बीच बैठे सवारियों में चीख पुकार मच गई। हाईवे से निकल रहे कुछ वाहन सवार रुक गए। यूपी-112 पर सूचना दी। इस पर सदर कोतवाली से सिपाही व दारोगा पहुंचे।

घायलों को अलग-अलग एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों ने घायलों का त्वरित उपचार शुरू किया। उधर, हादसे का पता लगते ही पुलिस अधीक्षक ने सदर कोतवाल से जानकारी की। घायलों में बच्चों में शिवानी, शुभम भी शामिल हैं। हाईवे पर जाम के हालत बनने पर पुलिस ने मशक्कत कर कानपुर से इटावा लेन को बहाल कराने के लिए सर्विस रोड को विकल्प बनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *