UP Chunav Phase 6 Voting Percentage: 57 सीटों पर 54.12 प्रतिशत मतदान, अंबेडकरनगर सबसे आगे और बलरामपुर फिसड्डी
Thu, 03 Mar 2022
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के छठे चरण में 10 जिलों की 57 सीटों के लिए गुरुवार को 54.12 प्रतिशत वोट डाले गए। अंबेडकर नगर जिले में सबसे अधिक 62.22 प्रतिशत मतदान हुआ। बलरामपुर जिला वोट डालने के मामले में सबसे फिसड्डी साबित हुआ। यहां 48.64 प्रतिशत ही मतदान हुआ। वर्ष 2017 के चुनाव में इन सीटों पर कुल 56.52 प्रतिशत वोट पड़े थे। छिटपुट शिकायतों को छोड़कर मतदान शांति पूर्ण रहा। इसके साथ ही 66 महिला सहित 676 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में बंद हो गई है।
यूपी विधानसभा चुनाव के छठे चरण में गोरखपुर, अंबेडकरनगर, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संत कबीर नगर, महराजगंज, कुशीनगर, देवरिया व बलिया जिले में मतदान हुआ। चुनाव आयोग ने निष्पक्ष एवं भयमुक्त मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। केंद्रीय बलों की मौजूदगी के बीच मतदान सुबह सात बजे से शुरू हुआ। पहले दो घंटे में यानी सुबह नौ बजे तक 8.69 प्रतिशत ही मतदान हुआ। दिन में 11 बजे तक 21.79 प्रतिशत वोट पड़े। इसके बाद मतदान में तेजी आई और दिन में दोपहर एक बजे तक 36.33 प्रतिशत मत पड़ चुके थे। शाम पांच बजे मतदान 53.31 प्रतिशत हो गया था।
संक्षिप्त खबरें
शाम छह बजे वोट डालने का समय था किंतु कई जिलों के पोलिंग बूथों पर लंबी कतारें होने के कारण मतदान देर तक चलता रहा। ऐसे में मतदान प्रतिशत और बढ़ने की संभावना है। अंबेडकर नगर जिले के अकबरपुर विधान सभा क्षेत्र में शाम पांच बजे तक 63.25, कटेहरी में 63 व टांडा में 62 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। बलरामपुर के उतरौला में 46.33, बलरामपुर सदर में 47.78 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ है। बलिया के बैरिया में 46.50 व मुख्यमंत्री योगी की विधान सभा गोरखपुर शहर में 51 प्रतिशत वोट पड़े।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि गुरुवार को 13,936 मतदान केंद्रों के 25,326 पोलिंग बूथों पर वोट डाले गए। इनमें से 1113 आदर्श मतदान केंद्र थे जबकि 76 पिंक बूथ बनाए गए थे, जिनमें सिर्फ महिला कर्मचारियों की तैनाती की गई थी। दिव्यांग मतदाताओं के लिए जिलों में व्हील चेयर और जगह-जगह पर वालंटियर की व्यवस्था भी की गई थी।
निष्पक्ष, भयमुक्त और शांतिपूर्वक मतदान संपन्न कराने के लिए केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की 851 कंपनियां तैनात की गई थीं। चुनाव प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए आयोग ने एक वरिष्ठ सामान्य प्रेक्षक, एक वरिष्ठ पुलिस प्रेक्षक व दो वरिष्ठ व्यय प्रेक्षक भी तैनात किए थे। इसके अलावा 56 सामान्य प्रेक्षक, 10 पुलिस प्रेक्षक व 18 व्यय प्रेक्षक पहले से तैनात थे। चुनाव के लिए कुल 1,10,281 कर्मियों को लगाया गया था।
आचार संहिता उल्लंघन की दर्ज हुईं 220 शिकायतें : छठे चरण में आदर्श आचार संहिता उल्लंघन की कुल 220 शिकायतें दर्ज हुईं हैं। यह शिकायतें फ्लाइंग स्क्वायड, स्टैटिक सर्विलांस टीम एवं अन्य ने दर्ज कराई हैं। इन पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा 206 शिकायतें मोबाइल एप सी-विजिल पर सीधे प्रदेशवासियों ने दर्ज कराई हैं। जांच के दौरान 76 शिकायतें सही पाई गईं हैं, इन पर कार्रवाई की गई है।
पोस्टल बैलट से 64,611 मतदाताओं ने दिया वोट : छठे चरण में 64,611 मतदाताओं ने पोस्टल बैलट से अपने वोट डाले। कुल चार श्रेणियों 80 वर्ष से अधिक आयु, दिव्यांगजन, अनिवार्य सेवाएं एवं मतदान कर्मियों को कुल 91,027 पोस्टल बैलट दिए गए थे। इसके अलावा 24,124 सेवा मतदाताओं को इलेक्ट्रानिक माध्यम से पोस्टल बैलट भी भेजा जा चुका है।
करीब डेढ़ प्रतिशत बदली गईं ईवीएम :
छठे चरण में करीब डेढ़ प्रतिशत से भी कम ईवीएम खराब हुईं हैं। सुबह माकड्रिल के समय 0.31 प्रतिशत बैलट यूनिट, 0.50 प्रतिशत कंट्रोल यूनिट व 0.81 प्रतिशत वीवीपैट खराबी आने के कारण बदली गईं। इसके बाद मतदान के दौरान भी 0.27 प्रतिशत बैलट व इतनी ही कंट्रोल यूनिट बदली गईं। इसी प्रकार वीवीपैट भी 1.71 प्रतिशत बदली गईं हैं।
योगी, राम गोविंद चौधरी सहित कई की प्रतिष्ठा दांव पर :
छठे चरण के चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी सहित कई प्रमुख नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। योगी गोरखपुर शहर सीट से चुनाव मैदान में हैं तो नेता प्रतिपक्ष बलिया की बांसडीह से लड़ रहे हैं। इटवा सीट से बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश चंद्र द्विवेदी मैदान में हैं तो उनसे मुकाबले में सपा के कद्दावर नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय चुनाव लड़ रहे हैं। फाजिलनगर सीट से स्वामी प्रसाद मौर्य सपा प्रत्याशी हैं। इसी तरह कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू कुशीनगर की तमकुहीराज से चुनाव लड़ रहे हैं। बसपा प्रत्याशियों में प्रमुख नाम प्रदेश अध्यक्ष उमाशंकर सिंह रसड़ा से चुनाव लड़ रहे हैं। देवरिया की पथरदेवा सीट से कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही, सिद्धार्थनगर की बांसी सीट से स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह, गोरखपुर की खजनी से उद्यान राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीराम चौहान, बलिया की फेफना से खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उपेंद्र तिवारी, बैरिया सीट से ग्राम्य विकास राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला व गोरखपुर के चौरीचौरा विधान सभा क्षेत्र से पशुधन राज्यमंत्री जय प्रकाश निषाद भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। अंबेडकरनगर की कटेहरी सीट से लालजी वर्मा व अकबरपुर से राम अचल राजभर सपा के टिकट से चुनाव लड़ रहे हैं।
किस जिले में कितने प्रतिशत मतदान
जिला – वर्ष 2017 – वर्ष 2022
अंबेडकरनगर – 64.05 – 62.22
बलिया – 54.39 – 51.74
बलरामपुर – 50.91 – 48.64
बस्ती – 57.46 – 55.02
देवरिया – 56.82 – 52.04
गोरखपुर – 55.44 – 54.02
कुशीनगर – 58.16 – 55.01
महराजगंज – 62.21 – 58.89
संत कबीर नगर – 53.01 – 54.39
सिद्धार्थनगर – 52.26 – 49.83
