फर्रुखाबाद शराब प्रकरण : नमक लेने गए तो बच गई व्यापारी के छोटे भाई की जान, लौटकर आकर देखा तो…
Thu, 03 Mar 2022
फर्रुखाबाद शराब प्रकरण :
नमक लेने गए तो बच गई व्यापारी के छोटे भाई की जान, लौटकर आकर देखा तो…फर्रुखाबाद : अंग्रेजी शराब की दुकान पर जांच करते अधिकारी।
फर्रुखाबाद में भुने आलू खाने के लिए नमक लेने के लिए छोटा भाई घर चला गया था, जब वह लौटा तो उन्होंने बड़े भाई समेत तीन लोगों को तड़पते हुए देखा। जब तक वह कुछ समझ पाता, तब तक तीनों ने दम तोड़ दिया। तीनों ने इंपीरियल ब्रांड की शराब पी थी, यही शराब छोटे भाई को भी पीनी थी।
जनपद कन्नौज के छिबरामऊ थाना क्षेत्र के गीतापुरम कालोनी निवासी डेयरी व्यापारी ओमवीर उर्फ छोटेलला की गांव करथिया में ससुराल है। गांव अहिमलापुर निवासी जितेंद्र ङ्क्षसह मवेेशी का व्यापार करते थे। उन्होंने गांव में डेयरी कर रखी है। गुरुवार को जितेंद्र ने घर के पास स्थित मड़ैया में आलू भूने थे। उन्होंने ओमवीर को भुने आलू की दावत दी थी। दोपहर को ओमवीर दावत खाने आए थे। इस दौरान ओमवीर ने जितेंद्र के पड़ोसी मोनू से अंग्रेजी शराब ठेके से इंपीरियल ब्लू की शराब मंगवाई। ओमवीर, जितेंद्र और मोनू ने शराब का एक-एक पैग लिया।
इसी बीच जितेंद्र के छोटे भाई अजय प्रताप को भी शराब पीने को कहा गया, लेकिन पहले उनसे घर से नमक मंगवाया गया। जब वह नमक लेकर लौटकर आया तो उन्होंने तीनों को तड़पते हुए देखा और कुछ देर में ही ओमवीर, जितेंद्र और मोनू ने दम तोड़ दिया। अजय प्रताप ने बताया कि अगर वह नमक लेने नहीं जाते, तो वह भी शराब पी लेते। स्वजन ने बताया कि ओमवीर की ससुराल गांव करथिया में है। यहां पर उनके फूफा देवेश सिंह चंदेल रहते हैं। जब पुलिस ओमवीर का शव लेकर जा रही थी तो देवेश सिंह चंदेल ने अपने स्कूल एनएससी में ओमवीर का शव रखवा लिया।
