पिता ने पुत्र को डराने के लिए पुल से लटकाया, हाथ छूटकर नदी में गिरने से मौत, आगे जो हुआ जानकर रह जाएंगे हैरान
Thu, 03 Mar 2022
बांदा में पुत्र के बिना बताए गायब रहने से नाराज पिता ने न सिर्फ उसकी पिटाई कर दी। बल्कि डरवाने के लिए उसे पुल से नीचे लटकाया तो हाथो से छूटकर पुत्र की नदी में गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद पिता ने पुत्र के शव को दफनाकर अंतिम संस्कार कर दिया। सूचना मिलने पर यूपी व एमपी की पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हालांकि अभी दोनों राज्यों की पुलिस घटना किस क्षेत्र में हुई यह निर्धारित नहीं कर पाई है।
मध्य प्रदेश के जिला पन्ना अंतगर्त थाना धरमपुर ग्राम रामनगर निवासी चंद्रपाल विश्वकर्मा का 14 वर्षीय पुत्र कृष्णा मंगलवार दोपहर घर से बिना बताए कहीं चला गया था। इसके बाद वह रात तक वापस घर नहीं पहुंचा। जिसमें पिता उसकी खोजबीन करते रहे। बुधवार दोपहर पिता कालिंजर दुर्ग पहुंचे तो वहां पुत्र उन्हें मिला। जिसमें नाराज पिता ने उसकी पिटाई कर दी। ग्रामीणों ने बताया कि पिता उसे अपने साथ घर ले जा रहे थे।
रास्ते में बांदा जिले के यूपी थाना कालिंजर व एमपी के थाना मध्यप्रदेश की सीमा में बने पुल से उन्होंने पुत्र को डरवाने के लिए नीचे लटकाया तो वह हाथ से छूटकर नदी में गिर गया। जहां उसकी मौके पर मौत हो गई। पिता शव लेकर किसी तरह घर पहुंचे। वहां रात भर शव रखा रहा। स्वजनों की ओर से पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई। बाद में पिता ने गांव बाहर शमशान स्थल पर फावड़े से पुत्र के शव को दफनाकर अंतिम संस्कार कर दिया। इसके बाद पिता कहीं लापता हो गया। ग्रामीणों के बताने पर यूपी के कालिंजर व एमपी के धरमपुर थाने की पुलिस ने घटनास्थल देखा। हालांकि अभी तक घटना यूपी में हुई है कि एमपी में पुलिस अभी तय नहीं कर पाई है। कालिंजर थाना प्रभारी श्याम प्रताप पटेल ने बताया कि स्वजन की ओर से थाने में कोई तहरीर व सूचना नहीं दी गई है। मामले की जांच के बाद पता चलेगा कि घटना किस क्षेत्र में हुई है।
