नोटों की गड्डी देख लुटेरे बन बैठे स्नातक के छात्र

नोटों की गड्डी देख लुटेरे बन बैठे स्नातक के छात्र, बालाजी के दर्शन कर लौट रहे पांच दोस्तों ने पुलिस को बताई वजह
Thu, 03 Mar 2022
कहावत है कि ‘लालच बुरी बला’, यह बात चरितार्थ तब हो गई, जब कन्नौज में बालाजी धाम से दर्शन कर पांच दोस्तों एक यात्री के पास नोटों की गड्डी देखकर लुटेरे बन गए। पहले कार में लिफ्ट देकर बिठा लिया और जब किराया मांगा तो यात्री ने जेब से नोटों की गड्डी निकाल कर किराया दिया। लालच में फंसकर पांचों ने रुपये छीन लिए और उसे चलती कार से फेंक कर भाग निकले। लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

गुरुवार को सौरिख थाने के अतिरिक्त निरीक्षक उपेंद्र सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद गोंडा के थाना उमरीबेगमगंज के ग्राम धमरिया निवासी बबलू शुक्ला पुत्र देवीप्रसाद, इसी थाना क्षेत्र के ग्राम लिलोई कला चौहानपुरा निवासी रीतेश सिंह पुत्र सुखदेव सिंह, थाना परसपुर क्षेत्र के ग्राम परसपुर मोहना निवासी सूरज पाठक पुत्र विरेंद्र पाठक, परसपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मलाव निवासी सत्यम दुबे पुत्र मनोज दुबे, इसी थाना क्षेत्र के ग्राम पुरैना निवासी जितेंद्र सिंह पुत्र प्रेमनारायण सोमवार को राजस्थान के दौसा जिले में मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन करने गए थे।

मंगलवार को दर्शन करने के बाद वह बुधवार को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस के रास्ते गोंडा जा रहे थे। सौरिख कट पर इन युवकाें ने जनपद औरैया के थाना एरवा कटरा क्षेत्र के ग्राम अमीपुर निवासी सब्जी विक्रेता सतीश कुमार को लिफ्ट देकर कार में बिठा लिया और थोड़ी दूर आगे जाकर लूट लिया तथा चलती कार से लखनऊ की तरफ भाग निकले। यूपीडा पेट्रोलिंग टीम की सूचना पर लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने पांचों को दबोच लिया। उनके पास से लूट का माल बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि पांचों युवक गहरे दोस्त हैं और स्नातक के छात्र हैं। लालच में आकर उन्होंने पहली ही लूट की घटना को अंजाम दिया। उनका कोई आपराधिक इतिहास भी नहीं है।

पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने बताया कि पांचों छात्र अच्छे घराें के हैं। बालाजी के दर्शन के दौरान उनके पास रुपये खर्च हो गए तो सवारी बिठाकर किराये से नाश्ता-पानी करने की योजना बनाई। जब यात्री सतीश ने किराया देने के लिए नोटों की गड्डी निकाली तो उनकी नीयत खराब हो गई और लालच में लूट की वारदात को अंजाम दे दिया। उनके पास से लूटे गए 7,645 रुपये, एक स्मार्ट फोन, ब्लूटूथ डिवाइस तथा स्विफ्ट डिजायर कार बरामद हुई है। पूछताछ में छात्रों ने लूट की घटना को कुबूल किया, लेकिन पुलिस से छोड़ने की गुहार भी लगाई। उनके खिलाफ सौरिख थाने में लूट का पहला मुकदमा भी दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *