झांसी कानपुर रेलमार्ग पर पुखरायां व चौरा स्टेशन के बीच रेल पटरी पर रखे गए पत्थर से ट्रेन का इंजन टकरा गया। तेज आवाज होने से करीब पांच मिनट तक डाउन की लोकमान्य तिलक गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेन चौरा स्टेशन के पास खड़ी हो गई। किसी शरारती तत्व के ऐसा किए जाने की आशंका है। आरपीएफ जांच कर रही है।
झांसी से कानपुर की ओर जा रही 2598 डाउन लोकमान्य तिलक गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेन दोपहर करीब 12.5 बजे जब चौरा स्टेशन से गुजर कर पुखरायां स्टेशन की ओर आ रही थी, तभी रास्ते में रेल पटरी पर रखा एक पत्थर अचानक इंजन से टकरा गया। तेज आवाज होने पर चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका और घटना की जानकारी वरिष्ठ विभागीय अधिकारियों को व पुखरायां स्टेशन के स्टेशन मास्टर को दी। इसके बाद कर्मियों संग आरपीएफ वहां पहुंची और जांच करने के बाद सब कुछ सही मिलने पर ट्रेन को रवाना कर दिया गया। आरपीएफ चौकी इंचार्ज विक्टर लाकरा ने बताया कि किसी शरारती तत्व की हरकत लगती है, जांच की जा रही है।
