राष्ट्रपति से सम्मानित महिला की बेटी और मासूम नाती को पुलिस ने रायबरेली से बरामद किया

कानपुर। राष्ट्रपति से सम्मानित महिला की बेटी और मासूम नाती को पुलिस ने शनिवार को रायबरेली के हनुमानगंज कस्बे से बरामद कर लिया है। माला वहां कैसे पहुंचे इस बारे में पुलिस उससे पूछताछ कर रही हैं। काकादेव निवासी राष्ट्रपति से वर्ष 2020 में सम्मानित हुई बुजुर्ग कलावती की बेटी माला सिंह व पांच वर्षीय नाती ऋषि 21 जून को शिवराजपुर से पनकी आने के दौरान लापता हो गए थे।मामले में माला सिंह के पति शिवराजपुर के कुंवरपुर निवासी सुखेंद्र सिंह ने 21 जून को शिवराजपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बाद में 29 जून इस मामले में एडीजी से शिकायत होने के बाद शिवराजपुर पुलिस ने महिला व मासूम बेटे के अपरहण का मुकदमा दर्ज कर खोजबीन शुरू की थी। दो दिन पहले माला सिंह मोबाइल ट्रेस कर पुलिस को उसका सुराग सफीपुर उन्नाव में लगे थे, लेकिन फिर दूसरे दिन उसका मोबाइल बंद हो गया। एसआई सुरेंद्र नारायण व उनकी टीम लापता माला व उसके बेटे की खोजबीन में जुटी हुई थी। शनिवार की सुबह पुलिस ने रायबरेली के हनुमानगंज से माला सिंह व मासूम ऋषि को बरामद कर लिया। थानाध्यक्ष कौशलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया की महिला और उसके बेटे को सकुशल बरामद कर लिया गया हैं। दोनों को टीम लेकर शिवराजपुर शाम तक कानपुर पहुंचेगी। वह रायबरेली कैसे पहुंची यह पता लगाने के लिये पूछताछ की जा रही हैं।

कोविडशील्ड की 25 हजार और कोवैक्सीन की 5000 डोज पहुंची।

कानपुर। शहर में वैक्सीन की लगातार कमी के बीच शनिवार को कोविडशील्ड और कोवैक्सीन के कुल 30 हजार डोज कानपुर पहुंच गई। कोविडशील्ड वैक्सीन की 25 हजार डोज और कोवैक्सीन की 5000 डोज पहुंचने के बाद अब शनिवार से लेकर सोमवार तक वैक्सीनेशन के इस महाअभियान की रफ्तार तेज होने की उम्मीद है। इससे पहले तीन दिनों से शहर को शासन द्वारा बहुत ही कम वैक्सीन की डोज दी जा रही थी। जिसकी वजह से शहर में कई जगहों पर हंगामे की स्थिति बन गयी थी। ग्रीन पार्क में को मिली 2500 वैक्सीन पिछले तीन दिनों से ग्रीन पार्क स्टेडियम में चल रहे वैक्सीनेशन के महाअभियान में रोज हंगामा हो रहा था। सीएमओ डॉ नेपाल सिंह के मुताबिक शनिवार को ग्रीन पार्क मेगा वैक्सीनेशन कैंप को 2500 वैक्सीन के डोज दिए गए हैं। इन वैक्सीन को शनिवार और रविवार तक के लिए ई सेंटर को दिया गया है। इसके अलावा 800 डोज वैक्सीन अतिरिक्त रखी गई है। यहां 18 से 44 साल वालों और 45 साल से ज्यादा उम्र वालों को कोविशील्ड व कोवैक्सीन की फ‌र्स्ट व सेकेंड डोज भी लगाई जाएगी। इसी तरह से शनिवार को वैक्सीनेशन के तहत नए लोगों को लगभग 6 हजार डोज़ ही लग पाई। कम होते वैक्सीनेशन का आंकड़ा स्वास्थ विभाग के दावों को मुंह चिढ़ाने का काम कर रहा है। ऐसा ही हाल जागेश्वर अस्पताल में वैक्सीन लगवाने गए लोगों को 2000 वैक्सीन के डोज दिए हैं। कृष्ण नगर सीएचसी को 250 वैक्सीन मिली है वहीं ऐसे ही शहर से लगे ग्रामीण इलाकों के सेंटर के साथ भी किया जा रहा है। वैक्सीन लगवाने आए लोगों में उत्सव दिखा। इनमे से कई लोग ऐसे भी थे जो पिछले तीन दिनों से यह कई सेंटरों के चक्कर लगा रहे थे उनको शनिवार को वैक्सीन लग पाई है।

निःशुल्क खाद्यान्न वितरण कल से।

कानपुर। शासन द्वारा कोविड-19 से उत्पन्न परिस्थितियों के कारण गरीबों और जरूरतमंदों को तत्काल राहत पहुॅचाने के लिये सभी राशन कार्डधारकों को 03 माह (जून, जुलाई व अगस्त,) की अवधि तक निःशुल्क राशन वितरित कराये जाने के प्रदत्त निर्देशानुक्रम में आयुक्त खाद्य तथा रसद विभाग के जुलाई में सम्पन्न होने वाले प्रथम चक्र में 05 से 15 जुलाई तक राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 के अन्तर्गत अन्त्योदय तथा पात्र गृहस्थी लाभार्थियों को आवंटित खाद्यान्न का निःशुल्क वितरण किया जायेगा। प्रदत्त आदेश के क्रम में जिला आपूर्ति अधिकारी अखिलेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्र के समस्त अन्त्योदय कार्ड धारकों को 35 किग्रा खाद्यान्न (20 किग्रा गेहूँ तथा 15 किग्रा चावल) का निःशुल्क वितरण किया जायेगा। नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्र के समस्त पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट 05 किग्रा खाद्यान्न (03) किग्रा गेहूँ, 02 किग्रा चावल) निःशुल्क वितरित होगा। राशन कार्डधारकों को पोर्टेबिलिटी के अन्तर्गत खाद्यान्न प्राप्त करने की सुविधा अनुमन्य होगी। अन्त्योदय तथा पात्रगृहस्थी के समस्त कार्डो पर निःशुल्क वितरण हो रहा है, इस सूचना का प्रदर्शन दुकान के अन्दर तथा बाहर कम से कम 03 स्थानों पर कोटेदार करेगा तथा नोडल अधिकारी की उपस्थिति में ही वितरण करेगा। उन्होंने ने बताया कि उक्त तिथियों में खाद्यान्न प्राप्त करने से छूट गये कार्डधारक 10 से 15 जुलाई के मध्य किसी भी दिन निःशुल्क खाद्यान्न प्राप्त कर सकते है। डीएसओ श्री श्रीवास्तव ने समस्त लाभार्थी को कोरोना नियमानुकूल मास्क लगा कर ही उचित दर दुकान पर खाद्यान्न लेने आयें ।ई-पॉस मशीन का प्रयोग करने से पूर्व एवं पश्चात कार्डधारक अपने हाथ साबुन / सेनेटाइजर से धोयें।

बारातियों और घारातियों के बीच चले लाठी डंडे, एक दर्जन लोग घायल।
कानपुर। ककवन में देर रात बारातियों और घरातियों के बीच किसी बात को लेकर जमकर विवाद हुआ। दोनों ओर से लाठी और डंडे चले। बताया जा रहा है कि कई गाड़ियों के शीशे भी टूटे। घटना से हड़कंप मच गया। मारपीट में करीब एक दर्जन लोग घायल हुए। सभी को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।
घुसवा पुर निवासी राम किशोर की बेटी का शुक्रवार को विवाह था। बारात रामपुर उमर्दा कन्नौज से आई थी। सब कार्यक्रम अच्छे से हो रहे थे। बताया जाता है कि बाराती नाच, झूम रहे थे। इसी बीच घरातियों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। जानकारी के अनुसार दोनों ओर से लाठियां चलने लगी। जमकर उपद्रव हुआ। मारपीट में करीब 1 दर्जन लोग दोनों तरफ से घायल हो गए। समारोह स्थल में खड़ी कई गाड़ियों के शीशे तोड़ डाले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। मारपीट में दशरथ निवासी तिर्वा कनौज, अखिलेश सिंह निवासी रामपुर मझला और कमल सिंह निवासी नंदपुर खिरिया कन्नौज को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *