नाम नहीं बदला तो युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर दे दी जान;हैरान कर देगी महोबा की यह घटना
Fri, 04 Mar 2022
नाम नहीं बदला तो युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर दे दी जान, हैरान कर देगी महोबा की यह घटना लोगों को हैरान कर देने वाली है।
महोबा में उमाकांत अपना नाम सुन कर चिढ़ जाता था। उसने पिता से कहा कि उसका नाम ब्रजेंद्र सिंह रखा जाए। वहीं लिखा पढ़ी में नाम बदलवाने को लेकर पिता काफी परेशान रहे लेकिन जब नाम नहीं बदल सका तो युवक दिमागी तौर पर बीमार रहने लगा। युवक ने ट्रेन के सामने कूद कर जान दे दी। कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है।
झांसी-मानिकपुर रेलवे ट्रैक के किनारे मुल्ला का खुड़ा गांव के पास एक युवक का शव गुरुवार को मिलने की सूचना महोबा सदर कोतवाली पुलिस को एवं आसपास के लोगों ने दी थी। इस पर महोबा सदर कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह ने शव की शिनाख्त को लेकर पूछताछ की लेकिन जानकारी नहीं मिली। शुक्रवार को मृतक युवक के पिता जयराम ने उसकी पहचान अपने 22 वर्षीय पुत्र उमाकांत के रूप में की।
उन्होंने बताया कि उनका पुत्र करीब एक साल से अपना नाम उमाकांत से बदल कर ब्रजेंद्र रखने को कह रहा था। स्नातक पास युवक का नाम लिखापढ़ी में न बदल पाने से वह मानसिक तौर पर काफी परेशान रहने लगा। गुरुवार को घर से बिना बताए ही निकल गया था।
