कानपुर देहात के पूर्व जिला अध्यक्ष के बेटे की पीट-पीटकर हत्या

कानपुर देहात में बीजेपी के पूर्व जिलाध्यक्ष के बेटे को महिलाओं ने पीट-पीट मार डाला, अवैध कब्जे का विरोध करने पहुंचे थे
Sat, 05 Mar 2022
कानपुर देहात के पुखरायां कस्बे में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर रहे लोगों का विरोध करने पर आक्रोशित महिलाओं ने बीजेपी पूर्व जिलाध्यक्ष के पुत्र पर हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा। मौके पर पहुंचे भाई ने उसे सीएचसी भर्ती कराया, जहां इमरजेंसी में मौजूद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुखरायां कस्बा निवासी बीजेपी के पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश तिवारी के पुत्र अंबरेश उर्फ मुनि शनिवार देर शाम सघन क्षेत्र विकास समिति की ओर साथियों के साथ बाइक से जा रहे थे। उसी दौरान समिति की जमीन पर स्थानीय कुछ लोग अस्थायी निर्माण कर कब्जा कर रहे थे। सरकारी जमीन पर अतिक्रमण का विरोध करने पर आक्रोशित महिला व पुरुषों ने ईंट पत्थर से हमला कर दिया, जिससे अंबरेश उर्फ मुनि गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। वहीं उसके साथी मौके से भाग गए और उन्होंने घटना की सूचना स्वजन को दी।

अंबरेश के साथ न होने पर उन्होंने जानकारी की। इसके बाद घटना स्थल पर पहुंचे भाई ने अंबरेश को जमीन पर पड़ा देख आनन फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुखरायां भर्ती कराया, जहां इमरजेंसी में मौजूद चिकित्सक आरती सिंह ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते कार्यकर्ता व अन्य समर्थक चौकी पहुंच गए और आरोपित की गिरफ्तारी की मांग कर हंगामा शुरू कर दिया। इस पर सीओ प्रभात कुमार सिंह लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने बताया कि हमले में घायल युवक की मौत हो गई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *