औरैया में मास्टर चाबी लगा बाइक लेकर हो जाते थे फरार, पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को किया गिरफ्तार
Sat, 05 Mar 2022
औरैया थाना पुलिस को चेकिंग के दौरान बाइक चोरी करने वाले गिरोह के चार सदस्य हाथ लगे। जो मास्टर चाबी से लाक खोलकर बाइक लेकर भाग निकलते थे। इसके बाद गैरिज में इंजन व चेसिस नंबर को घिसने के बाद कम कीमत में लोगों को बेचते थे। आरोपितों से आठ बाइक बरामद की गई हैं। इसके अलावा एक तमंचा व जिंदा कारतूस मिले हैं।
शुक्रवार देर शाम दिबियापुर थाना की पुलिस कस्बा मार्ग स्थित चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक खाली प्लाट में कुछ संदिग्ध युवकों के होने की जानकारी हुई। इस पर घेरेबंदी करके उन्हें पकड़ा गया। क्षेत्राधिकारी सुरेंद्र नाथ यादव ने बताया कि उप निरीक्षक नीरज कुमार, हेड कांस्टेबल अवधेश सिंह, नरेंद्र कुमार, धर्मेंद्र कुमार, अजय कुमार, संदीप चाहर ने संयुक्त रूप से दबिश दी थी। फफूंद थाना के जुवेरी गांव निवासी राजा पुत्र अतहर की तलाशी ली। उसके पास से एक देसी तमंचा व दो कारतूस मिले। इसके अलावा दो चोरी की बाइक बरामद हुई।
पूछताछ के दौरान उसने बताया मैनपुरी जनपद के किशनी थाना के पतापुर गांव निवासी अंकुर यादव पुत्र संतराम उसके पास एक बाइक बेचने के लिए आया था। इसके अलावा दिबियापुर थाना क्षेत्र के पुरवा मदा गांव निवासी विवेक यादव पुत्र औसान सिंह व उनके साथी जनपद कन्नौज के थाना सौरिख के गांव ब्रह्मपुर नगरिया निवासी हिरदेश कुमार व उसके दो साथी चोरी की बाइक बेचने आते थे। फफूंद रोड स्थित आटो सर्विस सेंटर में ले जाकर चेसिस व इंजन नंबर घिसने के बाद उसे बेचा जाता था। सुरेंद्र नाथ ने बताया कि राजा, अंकुर यादव, हिरदेश और विवेक को पकड़ा गया है। आरोपितों के कब्जे से आठ बाइक बरामद की गई हैं। दो आरोपित बिधूना कोतवाली के नगला धौकल निवासी आशू यादव पुत्र शिशुपाल व अंजुल पुत्र रामवीर की तलाश जारी है। चोरी की जाने वाली बाइक को 10 से 15 हजार रुपये में बेचा जाता था।
