तीन मंजिल से कूदी पर बच गई जान, फिर फंदा लगा उरई की मेडिकल छात्रा ने कर ली खुदकुशी
Sat, 05 Mar 2022
उरई शहर की कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला इंदिरा नगर में शनिवार की शाम मेडिकल की एक छात्रा ने अपने कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। लंबे समय से वह तनाव में चल रही थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और फंदे पर लटके शव नीचे उतरवाया। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मोहल्ला इंदिरा नगर में झलकारी धर्मशाला के पास रहने वाले महेश चंद्र कौशल की 21 वर्षीय पुत्री रमा कौशल अपने कमरे में पंखा के सहारे फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मां ने कमरे में जाकर फांसी पर लटके बेटी के शव को देखा तो घर में चीख पुकार मच गई। बाद में पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। दुपट्टे के सहारे उसने फांसी लगाई थी। भाई मनीष कौशल ने बताया कि उसकी बहन ने हरिद्वार से बीएएमएस किया है, लेकिन वह लंबे समय से तनाव में चल रही थी। देहरादून में उसका इलाज चल रहा था। एक बार पहले भी वह आत्महत्या के इरादे से घर की तीसरी मंजिल से कूद गई थी, लेकिन तब वह बच गई थी।
शनिवार को वह अपनी दुकान पर था। घर पर मां ममता व बहन रमा ही थी। इसी दौरान रमा ने कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। प्रभारी निरीक्षक शिवकुमार राठौर ने बताया कि कमरे में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या की वजह पता चलती। वह मानसिक रूप से बीमार चल रही थी। हो सकता है कि मानसिक तनाव की वजह से ही उसने आत्महत्या की हो। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की जांच की जाएगी।
